करनाल काम्बोज । बाबू मूलचंद जैन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शनिवार को कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ट्रेडों में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बाबू मूलचंद जैन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के कैटरिंग एंड हॉस्पिटैलिटी ट्रेड की छात्रा दीपाली तथा फुटवियर ट्रेड के छात्र सौरभ को राज्य स्तर पर प्रथम स्थान करने के लिए सम्मानित किया गया, वहीं विंग्स प्राइवेट आईटीआई, श्याम नगर के दो छात्रों ने भी राज्य स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की। इनमें फूड एंड बेवरेज सर्विस ट्रेड के परीक्षित पाल और हाउसकीपर ट्रेड की ज्योति ने अपने-अपने ट्रेड में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समारोह में जोनल इंचार्ज एवं प्रधानाचार्य डॉ. कृष्ण कुमार व राकेश भाटिया तथा अप्रेंटिस एवं प्लेसमेंट अधिकारी मीनाक्षी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने राज्य स्तर पर टॉप करने वाले चारों विद्यार्थियों को उनकी ट्रेड से संबंधित 15 हजार रुपये मूल्य की टूलकिट देकर कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. कृष्ण कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत और समर्पण से सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कौशल को निरंतर निखारने और जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य राकेश भाटिया ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संस्थान के सभी वर्ग अनुदेशक, अनुदेशकगण एवं स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।









