साइबर क्राइम, नशा मुक्ति, बाल विवाह अधिनियम, पोक्सो एक्ट व दुर्गा शक्ति ऐप पर छात्रों को किया जागरूक

6
करनाल विजय काम्बोज ||
जिला पुलिस द्वारा समाज में बढ़ते अपराधों की रोकथाम एवं बच्चों/छात्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुटेल करनाल, राजकीय माध्यमिक विद्यालय मुबारकबाद करनाल तथा राजकीय उच्च विद्यालय बसताड़ा करनाल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में टीम काउंसलिंग सेल इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश लता द्वारा विद्यार्थियों को साइबर क्राइम, नशे की लत, बाल विवाह अधिनियम, पोक्सो एक्ट तथा महिला विरुद्ध अपराधों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इंस्पेक्टर राजेश लता ने छात्रों को साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क, ओटीपी/पासवर्ड साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में बताया तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
नशा मुक्ति पर बोलते हुए उन्होंने नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया और युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की। साथ ही नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी भी दी गई।
बाल विवाह अधिनियम एवं पोक्सो एक्ट के अंतर्गत बच्चों के अधिकारों, कानून में सख्त प्रावधानों तथा अपराधियों के लिए कड़ी सजा के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का शोषण गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद लेनी चाहिए।
महिला सुरक्षा के विषय में जानकारी देते हुए दुर्गा शक्ति ऐप के बारे में बताया गया तथा ऐप के उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई। उन्होंने कहा कि यह ऐप महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए एक प्रभावी साधन है, जिससे आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए गए और उन्हें कानून के प्रति जागरूक, जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। स्कूल प्रशासन ने जिला पुलिस करनाल के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।