रोहतक के पहरावर में 30 मई को मनाई जाएगी राज्य स्तरीय भगवान परशुराम जयंती: डॉ. अरविंद शर्मा

7

 मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि, समारोह में सर्व समाज की होगी भागीदारी

कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा राज्य स्तरीय भगवान परशुराम जयंती समारोह का निमंत्रण देने पहुंचे इंद्री, भगवान परशुराम भवन (ब्राह्मण धर्मशाला) को 11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा

इंद्री विजय काम्बोज |। हरियाणा के सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा आज राज्य स्तरीय भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह का निमंत्रण देने के लिए इंद्री के भगवान परशुराम भवन में पहुंचे। जहां पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने भगवान परशुराम भवन (ब्राह्मण धर्मशाला) को 11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।
हरियाणा के सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संत-महापुरूष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना के तहत भगवान परशुराम जयंती के राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन आगामी 30 मई को रोहतक के पहरावर में किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली करेंगे। इस समारोह में कैबिनेट मंत्री व विधायकों के साथ-साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस राज्य स्तरीय समारोह में भाग लेने के लिए वे स्वयं विभिन्न जिलों में जाकर लोगों को निमंत्रण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयंती समारोह को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। इस राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेश के कोने-कोने से ब्राह्मण समाज व सर्व समाज अपनी भागीदारी करेगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है और यह जनता के सहयोग से ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी महापुरुषों की जयंती को राज्य स्तर पर मनाने का कार्य कर रही है, जिसमें सभी समाजों का योगदान होता है। कुछ साल पहले केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल के कार्यकाल में करनाल में भी परशुराम जयंती मनाई गई थी और इस बार रोहतक के पहरावर में भगवान परशुराम जयंती का समारोह राज्य स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सभी समाजों के साथ मिलकर काम कर रही है और सभी महापुरुषों की जयंती समारोहों में सभी समाजों का योगदान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह एक शिक्षा संस्थान है, जिसकी शुरुआत 1904 में पंडित भगवत दयाल गौड़ शर्मा ने की थी। इस संस्था से स्कूल, कॉलेज और मेडिकल कॉलेज जैसे कई संस्थान जुड़े हुए हैं। इस संस्था को पहरावर गांव में 15.5 एकड़ भूमि दान की गई थी, जिसे लेकर पहले विवाद था, लेकिन केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल ने हस्तक्षेप कर जमीन संस्था को उपलब्ध कराई। आज इन शैक्षणिक संस्थानों में 36 बिरादरी के बच्चे पढ़ते हैं, जिससे उनका भविष्य उज्जवल होता है। मंत्री शर्मा ने बताया कि इस संस्था से लगभग 80,000 सदस्य जुड़े हुए हैं और भविष्य में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा संस्था के सदस्यों के लिए 30 तारीख के बाद 3 महीने के लिए पंजीकरण खोलने की बात कही गई है। इसके बाद संस्था के सदस्यों का चुनाव होगा।
इस मौके पर ब्राह्मण समाज इंद्री के प्रधान सुरेंद्र भूषण समौरा, विजय घनौरा, सतपाल सिंह, नरेश शर्मा, दीपक करतारपुर, सुमित खरक, राकेश राजेपुर, तेजपाल, विकास बीबीपुर, नरेश कुमार, अमित धूमसी, नगरपालिका चेयरमेन राकेश, भाजपा नेता अमित खेड़ा, महेंद्र पंजोखरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

इन्द्री  के गांव धनौरा जागीर के पास नहर से एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी