वरिष्ठ आयकर अधिकारियों का करनाल दौरा, वृक्षारोपण व संवाद सत्र का आयोजन

2

करनाल।         आउटरीच पहल के तहत, हरियाणा क्षेत्र (पंचकूला) की मुख्य आयकर आयुक्त श्रीमती विदिशा कालरा एवं प्रधान आयकर आयुक्त, रोहतक, श्रीमती ज्योत्सना जौहरी ने आयकर कार्यालए, करनाल रेंज का दौरा किया। संयुक्त आयुक्त श्री हर्षित बंसल के नेतृत्व में अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

दौरे की शुरुआत वृक्षारोपण कार्यक्रम से हुई, जिसमें नीम व बरगद के पौधे लगाए गए, जो विभाग की स्थिरता व पर्यावरणीय प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।

इसके बाद संवाद सत्र आयोजित हुआ, जिसमें करनाल रेंज के पाँच जिलों सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल से आए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कर विशेषज्ञों व व्यापार प्रतिनिधियों ने भाग लिया। श्रीमती ज्योत्सना जोहरी ने क्षेत्र की व्यावसायिक संरचना व रेंज की उपलब्धियों की जानकारी दी। श्री सुरेंद्र पाल, प्रधान आयुक्त (एयू), करनाल ने संचालन व अनुपालन संबंधी अनुभव साझा किए।
श्रीमती विदिशा कालरा ने पारदर्शी और सुदृढ़ कर प्रणाली की अपनी दृष्टि रखी और समय पर कर भुगतान, विशेषकर अग्रिम कर, की राष्ट्र निर्माण में भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने विभाग की उन्नत सूचना क्षमताओं की चर्चा की जो अनुपालन व्यवस्था को नया आकार दे रही हैं।
सत्र में सकारात्मक चर्चा हुई और उत्तरदायी कर संस्कृति के प्रति साझा संकल्प को बल मिला।