करनाल |। एसडीएम प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। समाधान शिविर में एसडीएम ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। करनाल मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में दो, उपमंडल नीलोखेड़ी में दो , घरौंडा में एक व असंध में दो शिकायत प्राप्त हुई। वहीं उपमंडल इंद्री में आयोजित समाधान शिविर में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
एसडीएम प्रदीप कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार तथा डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में हर सोमवार व वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें, इसमें कोई भी लापरवाही न बरती जाए। इस प्रकार के समाधान शिविर से लोगों का प्रशासन में विश्वास बढ़ता है, इसलिए जल्द से जल्द समस्याओं का निवारण करके शिकायतकर्ता को संतुष्ट करें।
हर सोमवार व वीरवार को लगाए जा रहे समाधान शिविर
एसडीएम प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय व उपमंडल सत्र पर सोमवार और वीरवार को प्रात:10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे है। इन शिविरों में बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र, बुढापा पेंशन एवं अन्य संबंधित शिकायतों की मौके पर सुनवाई कर उनका समाधान किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित दिनों पर समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकते है।
समाधान शिविर में ये आई समस्याएं
समाधान शिविर में गंजोगढ़ी निवासी सन्नी दयाल मकान बनाने के कार्य को गांव के लोगों द्वारा एफआईआर कर रूकवाने संबंधी समस्या को लेकर पहुंचे। इसी प्रकार बजीदा जाटान निवासी गुलशन ओबीसी सर्टिफिकेट में त्रुटि संबंधी शिकायत को लेकर समाधान शिविर पहुंचे। इसी प्रकार नीलोखेड़ी उपमंडल में आयोजित समाधान शिविर में निशा परिवार पहचान पत्र में मोबाईल नम्बर अपडेट करवाने, हरप्रीत कौर परिवार पहचान पत्र में घर का पता ठीक करवाने संबंधी, घरौंडा उपमंडल में तजिन्द्र कौर राशन कार्ड से संबंधित, असंध उपमंडल में अनिल कुमार परिवार पहचान पत्र से संबंधित व सुखा सिंह बिजली मीटर स्थानांतरित करवाने से संबंधित समस्या लेकर समाधान शिविर पहुंचे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









