इन्द्री विजय काम्बोज ।। राजकीय माडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय नन्हेड़ा में स्कूली बच्चों को सादगी और गरिमा के साथ दीपावली त्यौहार मनाने तथा आतिशबाजी व पटाखे ना जलाने की शपथ दिलाई गयी। स्कूल के मुख्य शिक्षक महिंद्र कुमार ने बच्चों को त्यौहारों को मनाने के तरीकों पर रोशनी डालते हुए कहा कि त्यौहार हमारी संस्कृति का प्रमुख अंग हैं। त्यौहार हमारे समाज में एकता व भाइचारे की भावना पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे त्यौहारों में अमीर वर्ग द्वारा धन के प्रदर्शन के चलते सादगी मिट रही है जिस कारण गरीब वर्ग में हीन भावना पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि त्यौहार धन प्रदर्शन का खेल हो गए हैं। हम सब को इसे रोकना होगा और त्यौहार मनाने की मूल भावना की समझ बनाने के लिए जागरूकता पैदा करनी होगी। इस अवसर पर बच्चों ने अध्यापकों के मार्गदर्शन से रंगोली बनाई और स्कूल के सभी कमरों को साफ करके सजाया। मास्टर उधम सिंह कंबोज व सुनील सिवाच ने बच्चों को मिठाई बांट कर त्यौहार मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके सभी का मनोरंजन किया। इस मौके पर प्रियंका कम्बोज,पूजा सैन,सुधा कम्बोज व कांति प्रेम भी उपस्थित रहीं।