धान रोपाई के कार्य में भी आएगी तेजी
पिहोवा, 25जून(यज्ञदत्त शास्त्री): बुधवार सुबह से दोपहर तक रुक रुक कर हो रही बरसात से तापमान में आई गिरावट से मौसम सुहावना हो गया है। क्षेत्र में बुधवार को 25 एमएम बरसात दर्ज कर गई। सीजन की पहली अच्छी बरसात से शहर व क्षेत्र में बरसात का पानी जमा हो जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में ठसका रोड, रोशनपुर रोड, काठगढ़ रोड पर पानी जमा होने से राहगीरों को काफी दिक्कत हुई। सुबह हुई बरसात से धान रोपाई के कार्य में जुटे किसानों के चेहरे भी खिल उठे है। अच्छी बरसात से धान रोपाई का कार्य भी तेज होगा। किसानों ने कहा कि बरसात से जहां धान रोपाई के कार्य में तेजी आएगी वहीं पहले रोपाई की गई धान का पौधा भी फुटाव अधिक करेगा। जहां एक तरफ किसानों को बरसात से काफी फायदा हुआ है वहीं मक्की व सूरजमुखी की फसल की उपज करने वाले किसानों को इस बरसात से काफी नुकसान होने का अनुमान है। अनाज मंडी में बिकवाली के लिए आई मक्के व सूरजमुखी की फसल भीग गई। झांसा अनाज मंडी में काफी मात्रा में पानी भर जाने से किसानों व आढ़तियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंडी प्रधान ज्ञानचंद व निर्दोष कक्कड़ का कहना है कि झांसा अनाज मंडी में बरसात के बाद पानी भर जाता है। इसके कारण काम ठप पड़ा है। इस बारे में कई बार मार्किट कमेटी सचिव से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा। आढ़तियों ने बताया बताया कि प्रशासन ने झांसा अनाज मंडी में 4 सालों से निकासी बोर की सफाई करवाई थी उसके बाद बोर की सफाई नहीं करवाई। जिससे बरसात के मौसम में मंडी तालाब का रूप ले लेती है।
क्या कहते है मार्केट कमेटी सचिव
जब इस बारे में मार्केट कमेटी सचिव अंकुर ठकराल से बात कि तो उन्होंने कहा कि मंडी में पानी भरने की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे थे। मंडी से पानी निकालने के लिए पम्प सेट लगाया था जो पर्याप्त नहीं है। कल बड़ा पम्प स्थाई रूप से मंडी में लगा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई मंडी उंची होने के कारण बरसात का सारा पानी पुरानी मंडी में आ जाता है। जिसके चलते यह समस्या बनती है। नई मंडी में शिफ्ट होने के बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी।