पूर्व मुख्यमन्त्रियों ने बढ़ाया नम्बरदारों का मान, किया वायदा करें पूरा
इन्द्री विजय काम्बोज || इन्द्री में नम्बरदार एसोसिएशन विचार मंच इन्द्री की मासिक बैठक प्रधान मेहर सिंह निर्मल की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में नम्बरदारों ने भाग लेकर हरियाणा के मुख्यमन्त्री नायब सिंह सैनी से चुनाव के वक्त नम्बरदारों के साथ किए गए वायदें को पूरा करने की मांग की है। नम्बरदारों ने मांगों को लेकर मुख्यमन्त्री नायब सैनी व पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर से मिलने का भी निर्णय लिया। इस मौके पर जोरदार नारेबाजी कर एकता की ताकत दिखाई। बैठक में नम्बरदारों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी उठाई। बैठक में वक्ताओं ने सरकार से नम्बरदारों पर थोपे गए गैरव्यवहारिक पत्र को वापिस लेने की मांग की। बैठक में नगला रोड़ान गांव के नम्बरदार सुभाष भाटिया के निधन पर 2 मिन्ट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया।
इस मौके पर बोलते हुए प्रधान मेहर सिंह निर्मल ने कहा कि नम्बरदारों के सहयोग से नम्बरदारों के हितों के कार्यो में तेजी लाई जाएगी। पूर्व मुख्यमन्त्रियों ने नम्बरदारों के मानदेय को लागू करने व बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने नम्बरदारों पर 60 साल के नम्बरदार का मेडिकल और 75 वर्ष के बाद नम्बरदारों की सेवाएं समाप्त करने का पत्र नम्बरदारों पर थोपकर नम्बरदारों के सम्मान को कम करने का काम किया। सरकार के इस पत्र का पूरे प्रदेश में नम्बरदारों द्वारा विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ तो वृद्वों का सम्मान बढ़ाने का काम करने का दावा कर रही है, लेकिन दूसरी तरफ 75 साल तक जनसेवा में अपनी सेवाएं दे चुके नम्बरदारों को सेवामुक्त कर उनका मानदेय बंद कर रही है। इस उम्र में जब किसी भी वृद्ध को आर्थिक मदद के सहारे की ज्यादा जरूरत हो तो ऐसे में उनका मानदेय बंद करना पीड़ादायक है। इस पत्र को वापिस लेकर नम्बरदारों का सम्मान बढ़ाने के वायदे को पूरा कराने के लिए सीएम से आग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नम्बरदार बेेहद सम्मानित पद है, लेकिन कुछ सरकारी अधिकारी व कर्मचारी नम्बरदारों को सम्मान देने में कोताही बरत रहे हैं, जो चिंताजनक है। ऐसे लोगों को चिंहित कर उनकी शिकायत की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि नम्बरदार के हितों के लिए पूरे प्रदेश में अभियान चलाने की रणनीति पर काम चल रहा है।
बैठक में बोलते हुए महासचिव किरण काम्बोज, उपाध्ययक्ष राजबीर सिंह व कोषाध्यक्ष जगपाल सिंह ने जोर दिया कि नम्बरदारों के हितों की आवाज को उठाने के लिए मुख्यमन्त्री नायब सिंह सैनी और पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर से भी मिला जाएगा। पदाधिकारियों ने मंच के संगठन को ओर भी मजबूती देने पर बल दिया।
इस मौके पर नम्बरदार रोशनदीन, धर्मचन्द, सेवाराम, रामपाल काम्बोज, मदन शर्मा, जोगिन्द्र सिंह, सुभाष चन्द, पूर्ण क हरबा, रमेश काम्बोज, बीरभान मेहता, करेशन हनौरी, सुरेश हलवाना, जयसिंह पटहेड़ा, राजकुमार चंद्राव, राजबीर सिंह, गुरदयाल सिंह, जयकुमार आदि ने भी विचार रखेें।









