विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने नशा मुक्त जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
इंद्री विजय काम्बोज । विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए जन भागीदारी बेहद जरूरी है। नशे के कारण हमारे युवा गलत रास्ते पर जा रहे हैं। युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए सरकार के साथ-साथ जनता की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशा रोकने के लिए समय-समय पर सरकारी विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा विशेष अभियान चलाए जाते हैं। केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल और प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियानों के साथ-साथ साइकिल रैलियां चलाई जा रही हैं।
विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप गुरुवार को एक निजी पैलेस में आयोजित नशा मुक्त जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस जागरूकता कार्यक्रम में हलके के विभिन्न गांवों से सरपंच, पंच, पार्षदों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित आमजन को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
विधायक राम कुमार कश्यप ने कहा कि नशे से युवाओं की अकाल मृत्यु हो जाती है, जिससे परिवार तबाह हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि नशा समाज, प्रदेश और देश का बड़ा नुकसान कर रहा है, और सभ्य समाज में इसकी कोई जगह नहीं है। उन्होंने पोलियो उन्मूलन में जनता के सहयोग का उदाहरण देते हुए कहा कि उसी तरह हमें मिलकर नशे को भी खत्म करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नशा बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस बारे मे सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज की कल्पना को साकार करने के लिए सामूहिक जागरूकता और एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्तिगत नुकसान नहीं करता बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, और इसे समाज से खत्म करना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस मौके पर इंद्री पुलिस अधीक्षक सतीश गौतम,थाना प्रभारी विपिन,भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कश्यप, वरिष्ठ भाजपा नेता महेंद्र सिंह पंजोखरा, सरपंच एसोसिएशन इंद्री के प्रधान प्रताप सिंह, इलम सिंह, अखिल भारतीय सैनी समाज के युवा उपाध्यक्ष दीपक सैनी, सुरेंद्र सैनी, रघुबीर बतान, अमित गोयल, पंकज काम्बोज, सरपंच एसोसिएशन के पूर्व प्रधान शमशेर सिंह, बालक राम, शेरगढ़ के सरपंच ईश्वर सिंह, नंदिया के सरपंच रमेश कुमार, राजबीर, मुकेश तुसगो सहित काफी संख्या में भाजपा नेतागण, कार्यकर्ता एवं गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।









