विधायक रामकुमार कश्यप ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ व्हीट एंड बार्ले रिसर्च में अन्नदाताओं का सम्मान कार्यक्रम में की शिरकत
इन्द्री विजय काम्बोज ।| विधायक एवं गवर्मेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के कल्याण को हमेशा प्राथमिकता दी है। आज प्रधानमंत्री द्वारा कृषि अवसंरचना कोष, पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की 1100 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। ये परियोजनाएं कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, नवाचार और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हैं, जो देश के कृषि विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
विधायक राम कुमार कश्यप शनिवार को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ व्हीट एंड बार्ले रिसर्च, करनाल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम से पीएम धन धान्य कृषि योजना, दलहन आत्म निर्भरता मिशन सहित कुल 42 हजार करोड़ से अधिक की कृषि परियोजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास का लाइव प्रसारण किया गया।
इस मौके पर विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं का उपहार दर्शाता है कि सरकार हमारे अन्नदाताओं के प्रति कितनी समर्पित है। हरियाणा के किसानों को भी इन योजनाओं का भरपूर लाभ मिलेगा। यह ऐतिहासिक पहल किसानों की आय दोगुनी करने और देश को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के उत्थान और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों के हित में अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस मौके पर संस्थान के निदेशक डॉ0 रतन तिवारी, डॉ0 अनिल कुमार, डॉ0 अनुज कुमार, पूर्व चेयरमैन ईलम सिंह और सेक्रेटरी मार्केट कमेटी कुंजपुरा अजय सिंह मौजूद रहे।









