बल्लेवाला गांव के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान में देर शाम अचानक हुए जोरदार धमाके में एक की मौत एक गंभीर रूप से घायल

38

यमुनानगर || बल्लेवाला गांव के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान में देर शाम अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए चंडीगढ़ के पीजीआई रेफर किया गया है। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।

यह हादसा प्रताप नगर क्षेत्र के स्टोन क्रेशर जोन से सटी बल्लेवाला मार्केट में हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों युवक कबाड़ी की दुकान के बाहर खुले में पड़े लोहे और कबाड़ के पास बैठकर आग जलाकर हाथ सेक रहे थे। ठंड से बचने के लिए जलाई गई इसी आग की चिंगारी कबाड़ में चली गई। बताया जा रहा है कि वहां एक कंप्रेसर और अन्य कबाड़ के साथ ज्वलनशील गैस या सामान मौजूद था, जो आग के संपर्क में आते ही फट गया और जोरदार धमाका हो गया।

धमाके के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के दुकानदार और लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को बचाने की कोशिश की। प्रताप नगर थाना प्रभारी के अनुसार, घायलों को तुरंत बल्लेवाला निवासी एक व्यक्ति की कार से यमुनानगर के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही एक युवक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं दूसरे युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही सीआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।