हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में चलाई जा रही जागरूकता गतिविधियां।
एकल प्रयोग प्लास्टिक शहर में प्रतिबंध, मिलने पर नियमानुसार 25 हजार रुपये तक का होगा चालान।
करनाल || हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के चारो जोन में सफाई अभियान चलाकर साफ-सफाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को सेनिटेशन टीम ने माता प्रकाश कौर वाणी एवं श्रवण नि:शक्त जन कल्याण केन्द्र तथा विभिन्न धार्मिक स्थानों में साफ-सफाई की।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि शहर के चारों जोन में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव सैदपुरा, कैलाश व मंगलपुर, शक्ति पुरम, चौधरी कॉलोनी, राम नगर व प्रेम नगर में अभियान के तहत साफ-सफाई की गई है।
उन्होंने बताया कि धार्मिक स्थानों में भी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सेक्टर-7 स्थित श्री कर्णेश्वरम महादेव मंदिर, सेक्टर-14 पार्ट-2 स्थित गुरूद्वारा संत बाबा गोला जी तथा राम नगर स्थित हनुमान मंदिर व श्री सनातन धर्म मंदिर व उसके आस-पास की साफ-सफाई की गई है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जन जागरूकता अभियान, सार्वजनिक व जन शौचालयों की सफाई, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, जीरो वेस्ट कार्यालय, बाजारों की साफ-सफाई, रात्रि सफाई तथा हरा व नीला डस्टबिन को लेकर चेंकिंग, डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण व कचरा पृथक्करण करने जैसी विभिन्न गतिविधियां रोजाना चलाई जा रही हैं। गतिविधियों पर निगरानी के लिए अतिरिक्त निगम आयुक्त व मुख्य सफाई निरीक्षक रोजाना शहर का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान अगर कहीं पर सफाई को लेकर खामी मिलती है, तो उसे दुरूस्त करवाया जाता है।
उन्होंने बताया कि निगम के मोटीवेटर सूचना, शिक्षा और संचार (आई.ई.सी.) गतिविधियों के तहत डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण तथा गीला व सूखा कचरा अलग-अलग लेने को लेकर रोजाना वार्ड का दौरा कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त नागरिकों को घरेलू खाद बनाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने दुकानदारों को चेताते हुए कहा कि शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक की ब्रिकी व प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। उन्होंने स्पष्टï किया कि अगर चेकिंग के दौरान किसी दुकानदार के पास सिंगल यूज प्लास्टिक पाया जाता है, तो उस पर नियमानुसार 25 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।









