सांसद एवं विधायक ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने पर माही को घर पहुंचकर दी शुभकामनाएं 

133

सभी छात्र- छात्राएँ हमारे राष्ट्र के उज्जवल भविष्य के निर्माता:- विधायक पूजा

साहा अनिल शर्मा || अंबाला लोकसभा सांसद वरुण चौधरी व मुलाना विधायक पूजा ने टपरियों जट्टान गांव की छात्रा माही पुत्री गुरजीत सिंह को उनके घर पहुंचकर हरियाणा बोर्ड की दसवीं कक्षा के परिणाम में 500 अंक में से 497 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने पर शुभकामनाएं दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर आगे बेहतर और शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। सांसद ने कहा कि माही ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर अपने माता पिता व शिक्षकों सहित अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है हम सब क्षेत्रवासियों को माही पर गर्व है।
सांसद ने प्रदेश में सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि यह उल्लेखनीय परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, निरंतरता और पढ़ाई के प्रति समर्पण को दर्शाता है। यह सफलता विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, समर्पण और अटूट संकल्प का प्रतीक है। इस कामयाबी पर विद्यार्थियों को अपने माता-पिता, शिक्षक एवं शुभचिन्तकों के योगदान को सदैव याद रखना चाहिए, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
विधायक ने कहा कि सभी छात्र-छात्राएं हमारे राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि सभी विद्यार्थी आगे भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ अपने जीवन में निरंतर प्रगति करते हुए नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेंगे। जिन विद्यार्थियों का परिणाम उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा, वे निराश न हों, यह जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं है। यह स्वयं को और बेहतर बनाने, आत्ममंथन करने और नए सिरे से आगे बढ़ने का अवसर है । असफलता भी सफलता की राह का एक महत्वपूर्ण चरण होती है।