विधायक योगेन्द्र राणा ने विधानसभा में उठाई असंध क्षेत्र के गांव मुनक में आईआईटी निर्माण को लेकर मांग

68

असन्ध सीमा देवी       विधायक योगेन्द्र राणा ने हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान असंध विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कईं महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। जिनमें से असंध क्षेत्र के गांव मुनक में आईआईटी के निर्माण को लेकर उन्होंने मांग प्रमुखता से रखी।

विधायक ने विधानसभा सत्र में शून्यकाल के दौरान असंध क्षेत्र के विकास को लेकर महत्वपूर्ण मांग रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विशेष प्रयासों से हरियाणा राज्य को आईआईटी की सौगात केंद्र सरकार द्वारा दी गई है। उन्होंने कहा कि करनाल जिला हरियाणा राज्य का केंद्र है या ये कहा जाए की हरियाणा का दिल है, इसी के अंतर्गत मेरी विधानसभा असंध के मुनक से आईआईटी निर्माण हेतु आवश्यक एवं उपयुक्त भूमि के लिए 300 एकड़ का प्रस्ताव भी प्रेषित किया जा चुका है। इसे स्वीकार किया जाए। इससे ना केवल असंध क्षेत्र का बल्कि समूचे प्रदेश का विकास होगा।

उन्होंने कहा कि ये मेरा विधानसभा क्षेत्र तो है ही तथा ये क्षेत्र विस अध्यक्ष की विधानसभा घरौंडा,   संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा की विधानसभा पानीपत ग्रामीण,कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पँवार  की विधानसभा इसराना से सटा होने के साथ – साथ केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल का संसदीय क्षेत्र भी है। उन्होंने कहा कि ये हरियाणा के विकास में निरंतर प्रयासरत पंचदीपों का क्षेत्र है, मुझे पूरा विश्वास है आईआईटी के निर्माण से इस क्षेत्र के विकास में न केवल गति मिलेगी बल्कि शिक्षा का एक नया आयाम स्थापित होगा।

विधायक योगेन्द्र राणा ने इस दौरान असंध हल्के के विकास के लिए अन्य कईं महत्वपूर्ण मांगों को प्रभावी रूप से सदन में प्रस्तुत किया। उन्होंने सरकार का ध्यान असंध के विकास और जनता की मूलभूत सुविधाओं की ओर आकर्षित करते हुए इन मांगों को स्वीकार करने की अपील की है।