इन्द्री विजय काम्बोज । विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने सोमवार को सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का निवारण करना न केवल उनका दायित्व है, बल्कि यह उनका कर्तव्य भी बनता है। उन्होंने कहा कि जब भी समय मिलता है, वे लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनकर उनका समाधान करने का प्रयास करते हैं।
विधायक रामकुमार कश्यप ने जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जनसेवा की भावना से प्रत्येक सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम विशेष रूप से संचालित किया जाता हैं, ताकि वे जनता से सीधे संपर्क में रह सकें। इससे लोगों का सरकार के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हलके के लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए किसी भी समय उनसे संपर्क कर सकते हैं।
हरियाणा सरकार द्वारा योग्य युवाओं को भेजा जा रहा विदेश
अमेरिका द्वारा डिपोर्ट किये गये भारतीयों के सवाल पर विधायक ने कहा कि हर देश की एक नीति होती है तथा उस नीति के तहत ही वह कार्य करता है। उन्होंने कहा कि लोगों को अवैध रूप से न जाकर सही और कानूनी तरीके से ही विदेश जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा योग्य युवाओं को सही तरीके से विदेश भेजने का काम किया जा रहा है, तथा उनको विदेशों में रोजगार के अवसर भी प्रदान किये जा रहे हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ प्रदेश के हर वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा चुनाव के दौरान संकल्प पत्र में किये गये वादों को सरकार द्वारा पूरा करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग के हित, किसानों की खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि सुनिश्चित करना है।
जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान ये आई समस्याएं
जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान गांव हैबतपुर निवासी मंगत ने मकान निर्माण के लिये आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने बारे, खानपुर निवासी ताज अली ने राशन कार्ड बारे, रैयतखाना निवासी गुलाब ने दिव्यांग पैंशन बारे, जनेसरो निवासी त्रिलोक सिंह ने बिजली बिल ठीक करवाने बारे सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान बारे विधायक से अनुरोध किया। विधायक ने हल्के से आये सभी लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया।









