विधायक रामकुमार कश्यप ने सुनी आमजन की समस्याएं,अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश

169

सरकार द्वारा किसानों को मुआवजा देने के लिये  खोला गया ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल

इन्द्री विजय  काम्बोज |।      विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने सोमवार को सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में जनता दरबार आयोजित कर हलके के लोगों की समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए दिशा-निर्देश  दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करवाएं ताकि लोगों को इनका लाभ समय पर मिल सके।

इस दौरान विधायक रामकुमार कश्यप ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में भारी बारिश के कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ है। सरकार द्वारा किसानों को मुआवजा देने के लिये ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है। किसान अपनी फसल के नुकसान बारे इस पोर्टल पर क्षतिपूर्ति के लिये आवेदन कर सकते हैं। सरकार द्वारा फसलों के नुकसान को लेकर विशेष गिरदावरी करवाकर मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सरकार द्वारा सर्वे का कार्य किया जा रहा है तथा सभी योग्य पात्रों को इस योजना के तहत लाभ दिया जाएगा।

विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का निवारण करना न केवल उनका दायित्व है, बल्कि यह उनका कर्तव्य भी बनता है। यदि समस्याओं का समय रहते समाधान हो जाए तो संबंधित व्यक्ति को उसका सीधा लाभ मिल सकता है। उनका भी हमेशा यही ध्येय रहा है कि वे अपने स्तर पर जनता की समस्याओं का समाधान करवा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग के हित, किसानों की खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि सुनिश्चित करना है। प्रदेश सरकार द्वारा अनेकों जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं जिनका सीधा लाभ प्रदेश के हर वर्ग को मिल रहा है।

जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान ये आई समस्याएं

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान गांव कलसौरा से आई महिला आसमा प्रवीन ने अपने बच्चे के इलाज के लिये आर्थिक सहायता बारे विधायक से अनुरोध किया। विधायक रामकुमार कश्यप ने महिला को आश्वासन दिया कि बच्चे के इलाज के लिये नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इसी प्रकार गांव कुडक़ जगीर से आए लोगों ने गांव में डीएससी समाज की चौपाल बारे,मक्खू माजरा गांव से आये लोगों ने नहर पार बिजली लाईन बारे, बीबीपुर गांव के सरपंच शमशेर खोखर ने स्कूल की चारदिवारी, शौचालय तथा लाइब्रेरी बनवाने बारे, रन्दौली गांव से आई महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने बारे, संगोई गांव से आए जितेन्द्र ने विकलांग पैंशन बारे,चौरपुरा ग्राम पंचायत द्वारा गलियों को पक्का करवाने, शिवधाम योजना के तहत चारदिवारी, गेट तथा गांव में नलकूप लगवाने बारे सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान बारे  विधायक से अनुरोध किया। विधायक ने हल्के से आये सभी लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया।