जयंती समारोह को लेकर लोगों में भारी उत्साह, 23 मई को लाडवा में लाखों की संख्या में श्रद्धालु
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि करेंगे शिरकत
इन्द्री विजय काम्बोज|| विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने 23 मई 2025 को लाडवा में आयोजित होने वाली महर्षि कश्यप जयंती समारोह को लेकर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में निरंतर पहुंच रहे हैं और इसी कड़ी में सोमवार को गांव कुंजपुरा, शेरगढ़ टापू, घीड़, डबकौली कलां, नगली, रंदौली, ब्याना, बीड माजरी, चांद संमद, चौरा खालसा, रिण्डल व नगला रोड़ान आदि गांवों का दौरा कर लोगों को महर्षि कश्यप जयंती समारोह में पहुंचने का निमंत्रण दिया। इस जयंती समारोह को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। समारोह में राज्य के सभी जिलों से सर्व समाज के लोग भी लाखों की संख्या में शामिल होंगे।
विधायक ने बताया कि लाडवा में राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा, इस राज्य स्तरीय कश्यप जयंती समारोह में मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ-साथ प्रदेश के अन्य मंत्री गण भी उपस्थित रहेंगे। हलके के गांवों में पहुंचने पर लोगों ने फूल मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया और शॉल भेंट कर उन्हें सम्मानित भी किया।
विधायक ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सभी धार्मिक गुरुओं की राज्य स्तरीय जयंती समारोह मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। महापुरुषों के जयंती समारोहों में अवश्य जाना चाहिए। ऐसे समारोह से हमें अपने पूर्व इतिहास के बारे जानकारी मिलती है और हम अपनी पुरानी संस्कृति से रूबरू होते हैं। हमें जीवन जीने का आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि संत महापुरुष किसी विशेष धर्म जाति से संबंध नहीं रखते बल्कि पूरी मानवता को सद्मार्ग पर चलने का संदेश देते हैं इसलिए हमें महर्षि कश्यप जयंती जैसे सभी समारोहों में भाग अवश्य लेना चाहिए, हमें अपने महापुरुषों के बताए हुए मार्ग पर चलकर उनका मान-सम्मान करना चाहिए। भारतीय संस्कृति भाईचारे एवं आपसी एकता के कारण हमारा देश भारत विश्व गुरु बनने जा रहा है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी महापुरुषों के जयंती समारोह मनाने से युवाओं और हमारी आने वाली पीढिय़ों को इन महापुरुषों द्वारा दिए गए उपदेश एवं उन्नति के मार्ग पर आगे बढऩे की जानकारियां मिलेंगी। हमारी युवा पीढ़ी का रुझान अपने धर्म समाज व देश की उन्नति की ओर बढ़ेगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि हम महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज व देश को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान दें और सामाजिक बुराइयों से दूर रहें अपनी सोच को सही दिशा दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार हर वर्ग के हित को ध्यान में रखकर कार्य किए गए हैं जिसका लाभ सभी वर्गों को मिल रहा है।
उन्होंने हलके के विभिन्न गांवों में लोगों से अपील की कि वे 23 मई को आयोजित महर्षि कश्यप जयंती समारोह में भारी संख्या में पहुंचकर अपने संत महापुरुषों के बारे जानकारी प्राप्त करें। इस जयंती समारोह में भारी संख्या में लोग विभिन्न स्थानों से पहुंचेगे। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेतागण एवं कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विभिन्न गांवों के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।