प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर गांव में बुनियादी सुविधाओं के ढांचे को मजबूत करना: रामकुमार कश्यप
विधायक रामकुमार कश्यप ने ब्याना और गढ़ी बीरबल गांवों में बैठक कर विकास कार्यों पर की चर्चा
इंद्री (विजय कम्बोज) विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने शनिवार को गांव ब्याना व गढ़ी बीरबल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर गांवों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा की। साथ ही ग्रामीणों से विकास योजनाओं को लेकर सुझाव भी मांगे।
बैठक में मुख्य रूप से गांवों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्कूलों के विकास, गांवों की आंतरिक सडक़ों (फिरनी) की स्थिति सुधारने, शिवधाम व व्यायामशाला के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात हुई। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा दिए गए सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल किया जाएगा ताकि गांवों का चौतरफा विकास हो सके।
इस दौरान विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर गांव में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गावों में भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और सडक़ कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में संशोधन किया गया है जो 22 सितंबर से लागू होगा। इस संशोधन से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार द्वारा रोजमर्रा की वस्तुओं पर कर घटाकर जनता की जेब पर पडऩे वाला बोझ कम किया गया है। इसी प्रकार प्रदेश सरकार द्वारा भी समाज के हर वर्ग के हित में विभिन्न योजनाएं चलाईं जा रही है। इसी कड़ी में हाल ही में कैबिनेट की बैठक में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना लागू करने का निर्णय लिया गया है जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
बैठक में बीडीपीओ गुरमलक सिंह, एसडीओ पंचायती राज, आयुष विभाग से डॉ. सतपाल, गांव के सरपंच, पंच सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।









