निगदू के विद्यालय में हरियाली का संदेश, क्षत्रिय समाज ने किया पौधारोपण रणबीर लाठर

39

निगदू के विद्यालय में हरियाली का संदेश, क्षत्रिय समाज ने किया पौधारोपण
रणबीर लाठर बोले– पेड़ों की कटाई से बढ़ रहा पर्यावरणीय संकट, बच्चों को वृक्षारोपण के लिए करें प्रेरित

निगदू,
क्षत्रिय राजा रोड़ समाज संस्था द्वारा रविवार को गीता विद्या मंदिर स्कूल, निगदू (करनाल) में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणबीर लाठर ने की। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है और वर्षा की मात्रा घटती जा रही है। इसका मुख्य कारण पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और कंक्रीट के जंगलों का विस्तार है। आने वाले समय में यह स्थिति और भी गंभीर हो सकती है, इसलिए आज हमें प्रकृति के साथ तालमेल बैठाकर चलना होगा।

संस्था के सचिव राजेश लाठर ने कहा कि हमें अपने बच्चों को भी पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। जैसे-जैसे बच्चा बड़ा होगा, वैसे-वैसे वह पौधा भी वृक्ष बनेगा। उन्होंने कहा कि आज हम कुछ मिनटों में पेड़ काट देते हैं, लेकिन एक पेड़ को बड़ा होने में वर्षों लगते हैं। इसलिए आवश्यक है कि वृक्षों की रक्षा की जाए और अगर कहीं पेड़ काटा जाता है तो उसकी जगह नया पौधा जरूर लगाया जाए।

उन्होंने बताया कि क्षत्रिय राजा रोड़ समाज संस्था अपने सामाजिक दायित्व के तहत लगातार इस प्रकार के पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। सरकारी स्कूलों और नगर क्षेत्र में हरियाली बनाए रखने के लिए वन विभाग के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रणबीर लाठर, सचिव राजेश लाठर, समाजसेवी बलराज कारसा, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।