हरियाणा सरकार द्वारा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिये कईं योजनाएं क्रियान्वित की गई हैं- रामकुमार कश्यप

13
इन्द्री विजय काम्बोज । विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने गायत्री पब्लिक स्कूल, कलसौरा के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विधायक राम कुमार कश्यप ने इस अवसर पर उपस्थित छात्रों व अभिभावको को सम्बोधित करते कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार द्वारा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिये कईं योजनाएं क्रियान्वित की गई हैं। आज हरियाणा शिक्षा के हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। सरकार द्वारा नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम, छात्रवृत्ति योजनाओं एवं विद्यालयों के आधुनिकीकरण के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन किए जा रहे हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति और चरित्र निर्माण की दिशा में गायत्री पब्लिक स्कूल का योगदान सराहनीय है। ऐसे शिक्षण संस्थान ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं।
समारोह में विद्यालय के होनहार विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य, संगीत एवं विभिन्न मंचीय कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और अनुशासन का अद्भुत प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया और तालियों की गूंज से सभागार गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन इन्द्र शर्मा, मार्किट कमेटी चेयरमैन महिन्द्र सिंह पंजोखरा, मंडल अध्यक्ष संजय कंबोज, महामंत्री नरेश शर्मा, प्रदीप काला, बलविंदर कटारिया,शाहिद नकवी, संजय शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, नरेन्द्र शर्मा, डॉ. पवन कंबोज, राजेश शर्मा, मनीष शर्मा, वेद शर्मा पूर्व प्रधान ब्राह्मण सभा इन्द्री, सुरेन्द्र सिंह, जय भगवान बैरागी, प्रधान शशी पांचाल, मैनपाल मूसेपुर, पाला राम चांद समंद, गुरमेज पाल, प्रदीप शर्मा, सुनील शर्मा, रविन्द्र शर्मा, सीएम विंडो सदस्य राजिन्द्र मिढ़ा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि, अभिभावक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।