पहरावर में 30 मई को भव्य रूप से मनाया जाएगा भगवान परशुराम जन्मोत्सव: ब्राह्मण खाप

45

करनाल विजय काम्बोज । आगामी 30 मई 2025 को पहरावर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्य एवं ऐतिहासिक स्तर पर किया जाएगा। ब्राह्मण खाप, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि इस आयोजन में मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली करेंगे, जबकि कार्यक्रम के संयोजक हरियाणा सरकार के मंत्री डॉ. अरविन्द शर्मा होंगे। इस मौके पर पूरे हरियाणा प्रदेश से लाखों की संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग एकत्रित होकर अपनी एकजुटता और सामाजिक चेतना का प्रदर्शन करेंगे। अशोक शर्मा ने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि ब्राह्मण समाज की वर्षों से लंबित मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करने का सशक्त मंच भी बनेगा। ब्राह्मण खाप ने समाज से भारी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर सहभागिता निभाने की अपील की है, जिससे समाज की आवाज को और अधिक मजबूती मिल सके। ज्ञातव्य है कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा ब्राह्मण समाज की ‘गौड़ संस्था’ को लगभग 15 एकड़ भूमि प्रदान की गई थी, जो कि समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज मनोहर लाल जी का विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित करेगा। इस पर्व के माध्यम से ब्राह्मण समाज अपने सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक योगदान एवं एकता का परिचय देगा और भावी पीढ़ियों को भी अपने गौरवपूर्ण इतिहास से जोड़ने का संदेश देगा।