धान सीजन के दौरान मंडी में नमी के नाम पर लगाए जाने वाले कट एवं अन्य समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन की हुई किसान पंचायत 

54

पिहोवा, 28 अगस्त (यज्ञदत्त शास्त्री): धान सीजन के दौरान मंडी में नमी के नाम पर लगाए जाने वाले कट एवं अन्य समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन की किसान पंचायत अनाज मंडी में हुई।  इसमें पूरे हलके से हजारों किसानों ने भाग लिया। पंचायत में निर्णय लिया गया कि इस बार किसान नमी के नाम पर कोई कट नहीं लगने देंगे। यदि ऐसा हुआ तो धरने प्रदर्शन और घेराव से पीछे नहीं हटा जाएगा। इसके बाद तहसीलदार पूनम सोलंकी को मौके पर बुलाकर सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यूनियन के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने कहा सरकार की नीतियों के कारण किसान लगातार समस्याओं से जूझ रहा है। खाद की सरेआम कालाबाजारी हो रही है। लेकिन अभी तक किसी विक्रेता के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही खरी खरी सुनाते हुए कहा कि खाद विक्रेताओं की दुकान पर स्टॉक बोर्ड लगवाए जाएं ताकि किसानों को पुख्ता जानकारी मिल सके। इसके अलावा मंडी में धान की फसल पहुंचते ही नमी के नाम पर कट लगाकर किसानों को लूटने का धंधा पिछले कई सालों से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे राइस मिलर्स पर अपना सब कुछ लुटा दे। लेकिन किसान के हिस्से का पैसा इस बार किसी दूसरे की जेब में नहीं जाने देंगे। इसके साथ-साथ फिजी वायरस से हुए नुकसान की गिरदावरी करवारकर किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाए। धान की खरीद 15 सितंबर से शुरू करने की मांग ज्ञापन के माध्यम से रखी गई। किसानों ने कहा कि मंडी में नमी मापने की मशीन चाइनीस मॉडल है। जो सही स्थिति नहीं बता पाती। इसलिए इस बार एफसीआई द्वारा प्रमाणित मशीन से ही नमी की मात्रा चेक करवाई जाएगी। यदि कोई अधिकारी या खरीददार चाइनीज मशीन लेकर नमी जांचने मंडी में आया तो मशीन तोड़कर उसे वापस भगाया जाएगा। बैठक में कृषि विभाग एवं मार्केट कमेटी के अधिकारियों से भी किसानों ने जवाब तलबी की। किसानों की समस्याएं सुनने के बाद तहसीलदार पूनम सोलंकी ने कहा कि किसान अपनी समस्याएं उन्हें लिखित में दें। एसडीएम अभिवन सिवाच की अध्यक्षता में कमेटी गठित करके जल्द ही सभी समस्याओं को दूर करवाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद किसानों ने अपना ज्ञापन उन्हें सौंपा। किसान पंचायत में अनाज मंडी एसोसिएशन ने  भी किसानों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।