महिलाओं का आर्थिक रूप से स्वतंत्र व आत्मनिर्भर होना जरूरी- कल्याण

9

मेरा राष्ट्र, मेरी जिम्मेदारी’ पर जागरूकता कार्यक्रम

महिलाएं देश की प्रगति में निभा रही महत्वपूर्ण भूमिका : विजया राहटाकर

करनाल, ||  हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा  मंगलसेन ऑडिटोरियम में ‘मेरा राष्ट्र, मेरी जिम्मेदारी’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण व राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटाकर बतौर मुख्य अतिथि तथा स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद, मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत कीे। अध्यक्षता हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने की।
इसमें हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि देश की मजबूती के लिए विकास के साथ-साथ नागरिकों का जागरूक, परिश्रमी और मेहनती होना भी जरूरी है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को महत्त्वपूर्ण बताया और कहा कि राष्ट्रीय व राज्य महिला आयोग इस दिशा में उचित कार्य कर रहे हैं। उन्होंने झांसी की रानी, अहिल्याबाई होल्कर, कल्पना चावला, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कर्नल सोफिया व  कर्नल व्योमिका जैसी वीर महिलाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत का इतिहास और संस्कृति को हमेशा महिलाओं से प्रेरणा मिलती रही है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा की भूमि से ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की शुरुआत की थी जिसके सफल परिणाम देखने को मिल रहे हैं। प्रदेश में लिंगानुपात में काफी सुधार आया है।
श्री कल्याण ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाले एक अच्छे वातावरण की आवश्यकता है। एक विकसित राष्ट्र का सपना तभी साकार होगा जब हर महिला आर्थिक रूप से स्वतंत्र व आत्मनिर्भर होगी। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को मिले 33 प्रतिशत आरक्षण को निर्णय लिया गया है जिससे राजनीति में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश के विकास के लिए जीएसटी, यूपीआई और एक देश एक राशन कार्ड  जैसे कई बदलाव किए गए है। आज वे एक राष्ट्र एक चुनाव का समर्थन करते हंै। इससे देश का समय और संसाधन बचेगा, जो वर्तमान में बार-बार होने वाले चुनावों में व्यर्थ होता है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने कहा कि महिलाएं देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा महिला आयोग महिलाओं को न्याय, शक्ति और आत्मनिर्भरता दिलाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने हरियाणा के लिंगानुपात में आए सकारात्मक बदलाव की सराहना करते हुए कहा कि कभी सबसे कम लिंगानुपात के लिए कुख्यात रहा हरियाणा अब ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान में एक अग्रणी उदाहरण बन गया है, जो दृढ़ संकल्प से बड़े बदलाव की संभावना दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में महिलाओं के लिए नए कानून बनाए गए है, जिनमें यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक) के साथ-साथ तीन तलाक के खिलाफ कानून शामिल है। ये कानून देश भर में बेटियों की सक्रिय रूप से रक्षा और सशक्तिकरण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली विभिन्न योजनाओं चलाई जा रही है। महिलाएं अब ‘आँगन से अंतरिक्ष तक’ महत्त्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि एक मजबूत परिवार और मजबूत राष्ट्र का निर्माण सबकी  जिम्मेदारी है। जहां आज महिलाओं के लिए अवसर बढ़ रहे हैं, वहीं पारिवारिक मूल्यों को बनाए रखने और एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण में योगदान करने की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।  उन्होंने कहा कि अभिभावकों की यह जिम्मेदारी है कि वे बेटों को महिलाओं को सम्मान करना सिखाएं।
स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद ने इस मौके पर महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय विकास और एक राष्ट्र, एक चुनाव पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन की सबसे बड़ी सार्थकता एक राष्ट्र एक चुनाव की पहल में निहित है। देश में लगातार  चुनावों से सरकार पर वित्तीय बोझ बढ़ता है। यह चुनावी प्रक्रिया राष्ट्रीय विकास की गति को काफी धीमा कर देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा समर्थित एक-एक चुनाव पहल की सफलता में महिला शक्ति का बहुत बड़ा योगदान होगा। महिलाओं को चुनावी गतिविधियों के बीच घर-परिवार की जिम्मेदारियां संभालनी पड़ती हैं और वित्तीय तनाव से भी जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र- एक चुनाव’ की ओर बढ़ने से देश वर्तमान में खंडित चुनावी प्रक्रियाओं पर खर्च होने वाले भारी धन की बचत करेगा। इससे बहुमूल्य समय भी बचेगा और राष्ट्रीय विकास के लिए पर्याप्त अवसर मिलेंगे।
मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए अपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। हरियाणा की धरा से शुरू किए गए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बेटियों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने  बेटियों से प्रदेश और देश के लिए एकजुट होकर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज सरकार की विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाने और देश को एक सूत्र में पिरोने की जरूरत है।
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग बेटियों के लिए 24 घंटे  मुस्तैद रहता है। आयोग महिलाओं की घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीडऩ जैसे मामलों में सहायता करता है। उन्होंने महिला प्रतिनिधियों (सरपंच, पंच, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी वर्कर) की सराहना की,  सरकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाती हैं।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर, चेयरपर्सन मेघा भंड़ारी, निर्मल वैरागी सहित सभी गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।