शाहाबाद मारकंडा, 21 नवम्बर (सुरजीत शिवालिक): आर्य कन्या महाविद्यालय में स्वयं मूक फॉर स्टूडेंट विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यवक्ता डा. प्रियंका सिंह रहीं। कार्यशाला का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डा. आरती त्रेहन ने सभी का अभिनन्दन किया व स्वयं-मूक सैल की संचालिका राजिन्द्र कौर व उनकी पूरी टीम को कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्वयं पोर्टल के माध्यम से छात्राओं को ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की जानकारी देना है ताकि वह भविष्य में नए कौशल सीख अपने करियर को आगे बढ़ा सके। मुख्यवक्ता डा. प्रियंका सिंह ने छात्राओं को स्वयं पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी व साथ ही स्वयं पोर्टल पर छात्राओं का पंजीकरण भी करवाया। कार्यशाला में मंच का संचालन नेहा ने किया। इस कार्यशाला में 89 छात्राओं ने प्रतिभागिता की।