करनाल विजय काम्बोज |। इंडियन नेशनल लोकदल (इनैलो) पार्टी के कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हल्काध्यक्ष भगवंत संधू ने की, जबकि इस अवसर पर करनाल जिलाध्यक्ष सुरजीत शामगढ़ विशेष तौर पर मौजूद रहे। बैठक में पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही आगामी 25 सितम्बर को रोहतक में आयोजित होने वाली सम्मान दिवस रैली की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। रैली को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। इनैलों के जिलाध्यक्ष सुरजीत शामगढ़ ने कहा कि रोहतक में होने वाली सम्मान दिवस रैली ऐतिहासिक होगी। करनाल जिले से सैकड़ों गाड़ियों का विशाल काफिला रवाना होगा। हजारों कार्यकर्ता इस रैली का हिस्सा बनकर दिखा देंगे कि इनैलो आज भी हरियाणा की असली ताकत है। इनैलों नेता भगवंत संधू ने अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ तक इनैलो पार्टी रैली की तैयारियों में जुटी है। कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह देखने लायक है। सम्मान दिवस रैली प्रदेश की राजनीति में नई ऊर्जा का संचार करेगी और संगठन को और मजबूत बनाएगी। बैठक के दौरान विभिन्न पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। बैठक में जिलाध्यक्ष सुरजीत शामगढ़, प्रदेश उपाध्यक्ष यशवीर राणा कुक्कू, प्रदेश महासचिव रामकुमार ऐबला, प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण कुटेल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरिसिंह संधू, हल्काध्यक्ष स. भगवंत संधू, महिला विंग की जिलाध्यक्ष कविता धनखड़, बलवान वाल्मीकि, नरेश सांभली, मनिन्द्र पुनिया, संदीप शामगढ़, कृष्ण काम्बोज, जोरा सिंह, सुमित, मनोज कुमार, अरूण वाल्मीकि समेत काफी संख्या में इनैलों के वरिष्ठ कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।









