करनाल विजय काम्बोज || हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की करनाल यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए एक और सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए, ब्यूरो की टीम ने इंद्री के वार्ड न. 1 के निकट से सचु पुत्र सुनील कुमार नामक एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.505 किलोग्राम चुरा पोस्त बरामद किया गया है।
ब्यूरो प्रमुख एवं पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री ओ.पी. सिंह, IPS के सख्त निर्देशों पर पूरे प्रदेश में कार्यवाही की जा रही है। डीजीपी सिंह ने स्पष्ट किया है कि “नशे की जड़ों को खत्म करना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
यह कार्यवाही एसपी श्री मोहित हांडा, IPS के मार्गदर्शन और डीएसपी श्री मनोज कुमार के निर्देशन में निरीक्षक ऋषीपाल सिंह की टीम द्वारा अंजाम दी गई। इंद्री थाना एरिया में गश्त के दौरान, एएसआई उपकार और उनकी टीम को मुखबिर से तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद, पुलिस टीम ने रणनीतिक ढंग से संदिग्ध को नशीले पदार्थ सहित काबू किया। कानूनी औपचारिकता पूरी करते हुए आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 2.505 किलोग्राम चुरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी सचु, इंद्री का ही निवासी है। उसके खिलाफ थाना इंद्री, करनाल में एन.डी.पी.एस. अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत माध्यामिक मात्रा का मामला संख्या 621/2025 दर्ज कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी नशीला पदार्थ उत्तर प्रदेश से लेकर आता है और उसे इंद्री में अलग-अलग स्थानों पर तस्करी करता है। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर उसके पूरे नशा तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज का सहयोग अनिवार्य है। यदि आपको कहीं भी नशा व्यापार या तस्करी की जानकारी मिले, तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN या हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।









