इन्द्री विजय काम्बोज || हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए करनाल रोड से गांव नरड़ (जिला कैथल) तक की सड़क का नामकरण “स्वतंत्रता सेनानी श्री मनी राम गोयत मार्ग” के रूप में किया है। यह निर्णय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री मनी राम गोयत को भावभीनी श्रद्धांजलि और सम्मान देने के उद्देश्य से लिया गया है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय गोयत समाज के अध्यक्ष मास्टर ईश्वर सिंह गोयत ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि यह फैसला न केवल स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि युवाओं को देशभक्ति के मूल्यों से जोड़ने वाला कदम भी है।
नारा सॉलिसिटर के सुखविंदर सिंह नारा ने भी मुख्यमंत्री के इस फैसले की सराहना की और इसे गोयत समाज व हरियाणा की ऐतिहासिक धरोहर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी मनी राम गोयत के सुपुत्र रमेश गोयत को भी बधाई दी, जिनके प्रयासों से यह सम्मानजनक कार्य संभव हो सका।
रणधीर सिंह बधरान, जो कि अखिल भारतीय गोयत सभा के पूर्व उपाध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि यह नामकरण न केवल एक सड़क का नाम है, बल्कि एक विचार, एक प्रेरणा और एक ऐतिहासिक स्मृति है, जिसे आने वाली पीढ़ियाँ याद रखेंगी।
इस निर्णय की सराहना करते हुए एक विशेष बैठक का आयोजन हरियाणा बनाओ अभियान के संयोजक एवं पंजाब और हरियाणा बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह बधरान की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक फैसले के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया गया। एडवोकेट यशपाल सिंह राणा,एडवोकेट, रविकांत सैन एडवोकेट भारत भूषण बाल्मीकि,,एडवोकेट यादविंदर श्योराण,सामाजिक कार्यकर्ता मुनीष टिवाना,बलिंदर मंढान तथा कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।