गांव दहा और अशोक विहार कॉलोनी में सुनी लोगों की समस्याएं, तीन परियोजनाओं का किया शिलान्यास
करनाल। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शुक्रवार को क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगात देते हुए 4 करोड़ 44 लाख रुपये की तीन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने गांव दहा और अशोक विहार कॉलोनी में लोगों की समस्याएं भी सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए। इस दौरान संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि जनता के लिए उनके द्वार 24 घंटे खुले हैं। हलके का विकास उनकी प्राथमिकता है। आने वाले समय में न केवल लंबित कार्यों को पूरा कराया जाएगा बल्कि लोगों की जरूरत अनुसार नए प्रोजेक्ट भी शुरू किए जाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने गांव दहा में तालाब के सौदर्यकरण का शिलान्यास किया। इस पर 86 लाख 33 हजार रुपये खर्च होंगे। कार्य पूरा करने की तिथि 13 सितंबर 2025 रखी गई हैं। इस तालाब में रेंप, सीढिय़ां, फुटपाथ और रेन वाटर हार्वेस्टिंग बनाया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश तालाब में छायादार पेड़ भी लगाने और तालाब के चारों ओर बाड़ भी लगाई जाए। उन्होंने गांव मदनपुर से दहा तक की सड़क का शिलान्यास भी किया। इस पर 284 लाख रुपये खर्च होंगे। इस सड़क की लंबाई 21 सौ मीटर है। इसमें से 1500 मीटर की सड़क (चौड़ाई 6.38 मीटर) आठ इंच मोटाई के सीसी ब्लाक की और 600 मीटर कारपेट रोड (चौड़ाई 6.10 मीटर) की बनेगी। कार्य पूरा करने की तिथि 14 अगस्त निश्चित की गई है। सड़क के दोनों ओर रिटेनिंग वॉल भी बनाई जाएगी। लोगों ने स्पीकर से इस सडक़ पर स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था करने की मांग की। इस पर श्री कल्याण ने निगम अधिकारियों को इस दिशा में उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
कल्याण ने कहा कि इस सड़क को बनवाने की मांग काफी समय से की जा रही थी। सड़क का निर्माण पूरा होने से लोगों को बहुत फायदा होगा। तालाब के सौंदर्यकरण के बाद लोगों को यहां सैर करने की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने इसके बाद अशोक विहार कॉलोनी में कंबोपुरा से अशोक विहार कॉलोनी तक बनाए जाने वाले रास्ते का शिलान्यास किया। इस पर 73.73 लाख रुपये की लागत आएगा और निर्माण कार्य 14 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। इस रास्ते की लंबाई 560 मीटर व चौड़ाई 5.03 मीटर है।
गांव देहा में पत्रकारों द्वारा कल आयोजित किए जाने वाले नागरिक सुरक्षा अभ्यास संबंधी प्रश्न पर श्री कल्याण ने कहा कि लोगों को सरकार द्वारा जारी की जाने वाली एडवाइजरी पर अमल करना चाहिए। कोरोना के नये केस आने संबंधी प्रश्न पर कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए एहतियात जरूर बरतनी चाहिए। उन्होंने अशोक विहार कालोनी में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए।
मेयर रेणू बाला गुप्ता ने इस मौके पर लोगों से कहा कि सड़क निर्माण अथवा पार्क सौंदर्यकरण के मामले में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर निगरानी रखें। कहीं कोई कमी नजर आए तो तुरंत संज्ञान में लाएं, उचित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की ट्रिपल इंजन सरकार के राज में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। बिना किसी भेदभाव के चौतरफा विकास हो रहा है। नगर निगम करनाल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
इस मौके पर पार्षद सुभाष कांबोज, अंमित तितोरिया, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, महामंत्री सतबीर गोस्वामी, अजय राणा, मंजू खैंची, श्याम लाल शर्मा, मनजीत, सोहन चालिया आदि मौजूद रहे।