गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया-यूथ विंग पूर्व प्रधान गुरदीप सिंह रंबा

137

इन्द्री विजय काम्बोज  ।। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रंबा में श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीद दिवस पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस मौके पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के यूथ विंग के पूर्व प्रधान गुरदीप सिंह रंबा ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के पंजाबी अध्यापक उमीत सिंह सहित विद्यार्थियों के बीच श्री गुरु तेग बहादुर जी से संबंधित संवाद सत्र से हुई। इस अवसर पर छात्रों ने गुरु तेग बहादुर जी के जीवन पर आधारित कविताएं, भाषण और भजन प्रस्तुत किए जिसने सभी को भावुक कर दिया। मुख्यातिथि गुरदीप सिंह रंबा ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने हमें सिखाया कि अन्याय और अत्याचार के खिलाफ हमेशा आवाज उठानी चाहिए और सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने छात्रों से गुरु जी के दिखाए रास्ते पर चलने और समाज में भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले छात्रों को प्रोत्साहित किया और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक आयोजन के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने मुख्य अतिथि और सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को हमारे महान शहीदों के बलिदान और आदर्शों से परिचित कराना है। इस कार्यक्रम में विद्यालय शिक्षक, अभिभावक व एस एम सी सदस्य भी शामिल रहे।