पिहोवा 26 नवंबर|| राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के 554वें प्रकाश पर्व को समर्पित अनाज मंडी में पांच दिसंबर को विशाल संत समागम आयोजित किया जाएगा। इसमें श्री दरबार साहिब अमृतसर के पूर्व हेड ग्रंथी ज्ञानी जसविंदर सिंह का जत्था कथा वाचक के रूप में पहुंचेगा। तख्त श्री पटना साहिब से भाई सरबजीत सिंह कीर्तन, हेड ग्रंथी गुरुद्वारा बंगला साहिब से ज्ञानी रणजीत सिंह कथा एवं श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई दविंदर सिंह कीर्तन करने पहुंचेंगे। इसी को लेकर राज्य मंत्री संदीप सिंह ने टीकरी कार्यालय में सरपंचों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक ली। 11 से दोपहर दो तक विशेष गुरमति समागम होगा।
उन्होंने कहा कि यह समागम गैर राजनीतिक है। इसमें सभी धर्मों एवं क्षेत्रों के लोग गुरु साहिब के दरबार में नतमस्तक होने पहुंचेंगे। गांव गांव जाकर संगत को निमंत्रण दिया जाएगा। क्षेत्र के सभी मंदिरों गुरु घरों में अन्य धार्मिक संस्थाओं के जरिए लोगों तक संदेश पहुंचाया जाएगा। महिला संगत की उपस्थिति भी समागम की गरिमा को बढ़ाएगी। इसमें सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। हजारों की संख्या में पहुंचने वाली संगत के लिए लंगर की व्यवस्था भी की जाएगी। समागम में संत महात्मा, कथा वाचक संगत को गुरबाणी से निहाल करेंगे। उन्होंने कहा कि 10 गुरुओं में से छह गुरु इस धार्मिक नगरी में पहुंचकर इसे अपने चरणों से पवित्र कर चुके हैं। यह समागम सभी गुरुओं को समर्पित होगा। समागम को भव्य रूप देने के लिए सभी तैयारियां पुरी की जा रही हैं। इसके लिए अनाज मंडी में साफ सफाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से समागम में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की।