श्री मारकंडेश्वर मंदिर में धूम-धाम से मनाया गया गोपाष्टमी पर्व

66

शाहाबाद मारकंडा (सुरजीत शिवालिक): सोमवार देर सायं श्री मारकंडेश्वर मंदिर सभा द्वारा चलाई जा रही गौशाला में गोपाष्टमी पर्व धूम-धाम से मनाया गया। पं. प्रह्लाद मिश्र रामायणी द्वारा विश्व शांति के लिए यज्ञ किया गया। जिसमें मुख्य यजमान मंदिर सभा के प्रधान ऋषि गंभीर, उपप्रधान बलदेवराज चावला सहित सैंकड़ो लोगों ने आहुतियां डाली। यज्ञ उपरांत महिला संकीर्तन मंडली द्वारा भगवान का गुणगान किया गया। पं. प्रह्लाद मिश्र रामायणी ने बताया कि हिन्दू धर्म परम्परा के अनुसार गाय को माता के समान माना गया है। उन्होंने कहा कि गौमाता की पूजा करने से एक साथ अनेकों देवी-देवताओं की पूजा हो जाती है। क्योंकि गौमाता में सभी देवी-देवताओं का वास है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार गौदान कर मनुष्य धर्म मार्ग द्वारा स्वर्ग को जाते है। मंदिर सभा के प्रधान ऋषि गंभीर ने कहा कि गौमूत्र को वैज्ञानिक दृष्टि से भी उत्तम माना गया है। क्योंकि गौमूत्र से कैंसर जैसे भयानक रोग भी ठीक होते है। उन्होंने कहा कि हालांकि देश में अनेक गौशालाएं बनी हुई है लेकिन फिर भी गौधन सड़कों पर भटक रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि देश में गौशालाओं की संख्या और अधिक बढ़ाई जाए। पूर्व नपा प्रधान बलदेवराज चावला ने लोगों से आह्वान किया कि वह अपनी कमाई में से कुछ हिस्सा गौरक्षा के लिए अर्पित करें। इस अवसर पर उपेंद्र गंभीर, रेनू गंभीर, पं. अजय शुक्ला, रमेश डंग, नीटू गंभीर, पूर्व पार्षद ललित भार्गव सहित सभा के सदस्य व श्रद्धालु उपस्थित थे।