बाबा श्याम के रंग में रंगा घोघड़ीपुर गांव, गूंजे जयकारे
विशाल श्री श्याम संकीर्तन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भजनों पर जमकर झूमे श्रद्धालु
करनाल|| गांव घोघड़ीपुर रविवार को बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा। अवसर था जय श्री श्याम सेवा मंडल घोघड़ीपुर द्वारा आयोजित तीसरे विशाल श्री श्याम संकीर्तन का। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस भव्य संकीर्तन में गांव व आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल हुए और बाबा श्याम के भजनों का रसपान कर भाव-विभोर हो उठे। भजन गायक श्रद्धेय भारत उमेश (वृंदावन धाम), हर्ष गोयल व उनकी टीम ने मधुर और भक्तिमय भजनों से बाबा श्याम का गुणगान किया। श्याम तेरी हमें तेरी जरूरत है…और खाटू वाले के दरबार में जैसे भावपूर्ण भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। संकीर्तन स्थल श्याममय माहौल में तब्दील हो गया। मंडल द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद का प्रबंध किया गया। इस दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी श्रद्धा और उत्साह के साथ संकीर्तन का आनंद लिया। कार्यक्रम में गांव की सरपंच संगीता रानी एवं प्रतिनिधि अशोक शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा श्याम के चरणों में नमन कर आशीर्वाद लिया और जय श्री श्याम सेवा मंडल के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों को इस आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन गांव में भाईचारे, सुख-शांति और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और आने वाली पीढ़ियों को भी संस्कार प्रदान करते हैं। इस संकीर्तन में सोनू, देविन्द्र, कवरजीत, दलबीर, राजेश, सिन्दर, सुशील, मेरू, ओमप्रकाश, अनिल कुमार, राजेश, दलबीर, बंटू, अनिल, कप्तान, देविन्द्र, मन्नू, राकेश, राजेश, रोमियो, अमित सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। सबने बाबा श्याम के भजनों का आनंद लिया और श्याम तेरी जय हो के जयकारों से गांव को गुंजायमान कर दिया। श्री श्याम सेवा मंडल के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी इस प्रकार के धार्मिक आयोजन निरंतर होते रहेंगे, जिससे गांव का आध्यात्मिक वातावरण और अधिक प्रगाढ़ होगा।









