प्रदेश सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास’ की नीति पर चलते हुए हर क्षेत्र में करवा रही विकास कार्य

79
विधायक रामकुमार ने शेरगढ़ से धानोखेड़ी सडक़ के नवीनीकरण कार्य का किया शुभारम्भ
————————————
इन्द्री विजय काम्बोज |। विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हीप रामकुमार कश्यप ने शनिवार को गांव शेरगढ़ से धानोखेड़ी तक सडक़ के नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ किया। यहां पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का फूल मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया।
विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ‘सबका साथ-सबका विकास’ की नीति पर चलते हुए हर क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है। शेरगढ़ से धानोखेड़ी सड़क के नवीनीकरण से क्षेत्र के हजारों लोगों का आवागमन सुगम होगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास की लहर पहुंचे और ग्रामीण अंचल में सड़कों का जाल बिछाया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सड़कों का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ उनकी गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को इसका लाभ समय पर मिल सके ।
विधायक रामकुमार कश्यप ने इन विकास कार्यों को करवाने के लिये मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा सरकार हरियाणा को देश में अग्रणी राज्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्प है और इसी संकल्प को पूरा करने के लिए बिना किसी भेदभाव के पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवाएं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल शहरी क्षेत्रों पर ही नहीं, बल्कि गांवों में भी समान रूप से विकास के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश सरकार की विकास नीति का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास है और इसी विजन पर कार्य करते हुए बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र में समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।