करनाल विजय काम्बोज || ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत कार्यवाही करते हुए जिला पुलिस करनाल की एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने अवैध नशा तस्करी के एक मामले में पांचवें आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है। एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज उप निरीक्षक हिम्मत सिंह की अध्यक्षता में गठित पुलिस टीम ने पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से आरोपी..*सुशील कुमार निवासी रज्जाक नगर, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) को काबू किया है।
इस संबंध में एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त मामले में इससे पहले चार आरोपी विकास सैनी, पवन कुमार, विजय व सुनील को 11 ग्राम स्मैक अवैध नशे की तस्करी के आरोप में काबू किया गया था। इन आरोपियों के विरुद्ध थाना मधुबन में दिनांक 11 दिसंबर 2025 को मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर गहन पूछताछ हेतु दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर कराया गया था।
रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से की गई गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे उक्त अवैध नशा अपने अन्य साथी आरोपी सुशील कुमार से खरीद कर आगे सप्लाई करने के उद्देश्य से लाए थे। इसी खुलासे के आधार पर आज जांच इकाई द्वारा आरोपी सुशील कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
मामले में अवैध नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी प्राप्त करने हेतु अग्रिम अनुसंधान जारी है।









