इन्द्री हल्के के 20 योग शिक्षकों को सम्मानित किया गया
इन्द्री विजय काम्बोज
इन्द्री के गांव मुरादगढ़ में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट व पंतजलि योग समिति की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें इन्द्री हल्के के 20 योग शिक्षकों व योग प्रचार प्रसार में अग्रणी काम करने वाले साधकों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट करनाल के जिला प्रधान सोम अरोड़ा, पंतजलि योग समिति के दिनेश शर्मा, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष राजरानी व वरिष्ठ भाजपा नेता सुमेर चंद कांबोज ने विशेष रूप से भाग लिया। इस मौके पर उपस्थित साधकों को योग प्राणायाम भी करवाया गया।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष सोम अरोड़ा ने कहा कि बाबा रामदेव जी के प्रयासों से आज योग पूरे विश्व में प्रचलित हो गया है ओर पूरी दुनियां आज योग करके स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी व बाबा रामदेव के प्रयासों से ही 21 जून को पूरे विश्व में योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन पद्धति है। योग करने से जहां हमारा शरीर स्वस्थ होता है वहीं हम मानसिक रूप से भी मजबूत बनते है। योग प्राणायाम करने वाले स्कूली बच्चों को शिक्षा में इसका विशेष लाभ मिलता है ओर पढ़ा गया पाठ ज्यादा लंबे समय तक याद रहता है।

उन्होंने कहा कि आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में नियमित रूप से योग करने से मानसिक व शारीरिक शांति मिलती है। हमें योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में अवश्य शामिल करना चाहिए। इस मौके पर इन्द्री हलके में योग का प्रचार प्रसार करने वाले 20 योग शिक्षकों धर्मपाल आर्य, नरेश कुमार,विजय कांबोज, दीपा भाटिया, मास्टर बलराज, नीलम रानी, सोहन लाल, सुमेर कलसौरा, सुशील ब्याना, कंवरलाल फौजी, श्रवण शर्मा सहित कई अन्य को सम्मानित किया गया। सभी योग शिक्षको को एक-एक जैकेट व प्रशस्ति पत्र दिया गया। इस मौके पर पौधारोपण किया गया ओर गांववासियों को विभिन्न प्रकार के पौधें वितरित किए गए।








