अंत्योदय और गरीब कल्याण के स्वप्न को साकार करने के लिए केन्द्र व प्रदेश की सरकार संकल्पबद्ध : रमेश कश्यप

98

पूर्व विधायक रमेश कश्यप व ग्रामीणों ने गांव जैनपुर सधान व कैहरबा में विकसित भारत संकल्प यात्रा का किया स्वागत।
इन्द्री विजय काम्बोज। घरौंडा के पूर्व विधायक रमेश कश्यप ने गांव जैनपुर सधान व कैहरबा में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि अंत्योदय और गरीब कल्याण के स्वप्न को साकार करने के लिए केन्द्र व प्रदेश की सरकार संकल्पबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, उस संकल्प को हमको मिलकर पूरा करना होगा। कार्यक्रम में भाजपा नेत्री मंजू भाटिया ने  ग्रामीणों को देश को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई।
पूर्व विधायक रमेश कश्यप ने कहा कि भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं और जब हमारी आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे तब हर क्षेत्र में दुनिया में भारत सर्वप्रथम हो, ये संकल्प लेने के उद्देश्य से ही विकसित भारत संकल्प यात्रा देश प्रदेश की प्रत्येक पंचायत में पहुँच रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प जो हम सबने लिया है, यह संकल्प एक शब्द मात्र नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों गरीबों को सबके बराबर लाने का एक पुनीत विचार है और इसमें हमें सबके संकल्प के बल को जोड़ना है। विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि आम आदमी सुचारू रूप से जिंदगी जिए और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति को मिले। उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के ऐसे वंचितों को प्राथमिकता दी है जो दशकों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे और उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं था। गरीब परिवारों का चूल्हा धुंआ रहित हो, इसके लिए सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवार की महिलाओं को मुफ्त में रसोई गैस कनेक्शन दिए है। उन्होंने ने कहा कि अब हरियाणा में एक लाख 80 हजार रुपये से कम आय वाले परिवार की बेटी को कॉलेजों में मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। ऐसे गरीब परिवार जिन के घर में कोई नौकरी नहीं है उसे 5 अंक अतिरिक्त दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कार्यक्रम में सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की योजनाओं से संबंधित स्टालों का निरीक्षण किया और बताया कि इन स्टालों के माध्यम से आमजन को केन्द्र व प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने स्टालों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कहा कि जो भी व्यक्ति उनके पास आता है उसे योजनाओं के बारे मार्गदर्शन करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ दिलवाने का कार्य करें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने उज्जवला योजना के तहत गांव जैनपुर सधान की संतोष, राजवन्ती, अकबरी, पीन्की, मनजीत कौर व बतेहरी  तथा गांव कैहरबा की कमलजीत कौर, जैसमीन, रजिया रीतू को मुफ्त गैस कनैक्शन भी वितरित किए गए। इसके अलावा कार्यक्रम में गांव जैनपुर सधान की सोनिया, काजल व कैहरबा के रामपाल व साधुराम की मौके पर ही पेंशन बनाई गई।
इस दौरान वैन में लगी एलईडी पर लघु फिल्म के तहत उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का संदेश व सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक किया कि पात्र व्यक्ति किस प्रकार इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य जांच शिविर, हेल्प डेस्क, परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं का समाधान करने के लिए हेल्प डेस्क, सीएससी स्टाल, पीएम उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान योजना, पीला राशन कार्ड व अन्य योजनाओं को लेकर लगाए गए हेल्प डेस्क पर लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
इस मौके पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी साहब सिंह, बीपीएम कोमल, उद्यान विभाग के सुपरवाईजर डॉ. शुभम गांधी, मार्किट कमेटी के पूर्व चेयरमैन ईलम सिंह, भाजपा के मंडल अध्यक्ष अमनदीप सिंह विर्क, वरिष्ठï भाजपा नेता महम सिंह धीमान, रोहताश काम्बोज, अंजू भाटिया, ग्राम सचिव संदीप, बलकार, संजीव काम्बोज, जैनपुर सधान के सरपंच नरेन्द्र डबास व कैहरबा के सरपंच नत्थू लाल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।