विधायक रामकुमार ने पंजोखरा अप्रोच रोड़ व मनक माजरा अप्रोच रोड़ के नवीनीकरण कार्य का किया शुभारम्भ
इन्द्री( विजय कम्बोज ) विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हीप रामकुमार कश्यप ने शुक्रवार को गांव मनक माजरा में आयोजित कार्यक्रम में इन्द्री विधानसभा के तहत लगभग 131.84 लाख रुपये से बनने वाली दो सडक़ों के नवीनीकरण कार्य का शुभारम्भ किया। इन सडक़ों में 1.26 किलोमीटर लम्बाई की 63.57 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पंजोखरा अप्रोच रोड़ तथा 1.78 किलोमीटर लम्बाई की 68.27 लाख रुपये से बनने वाली मनक माजरा अप्रोच रोड़ शामिल हैं। गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का फूल मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया।

विधायक रामकुमार कश्यप ने इन विकास कार्यों को करवाने के लिये मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा इन्द्री विधानसभा क्षेत्र की लगभग 70 सडक़ों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण व मरम्मत का कार्य चल रहा है तथा जल्द ही सभी सडक़ें बनकर तैयार हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा सरकार हरियाणा को देश में अग्रणी राज्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्प है और इसी संकल्प को पूरा करने के लिए बिना किसी भेदभाव के पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवाएं जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सडक़ों का निर्माण समयबद्घ तरीके से पूरा करने के साथ उनकी गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को इनका लाभ समय पर मिल सके ।
विधायक रामकुमार कश्यप ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर नागरिक सशक्त हो और उसे मूलभूत सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि सरकार केवल शहरी क्षेत्रों पर ही नहीं, बल्कि गांवों में भी समान रूप से विकास के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश सरकार की विकास नीति का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास है और इसी विजन पर कार्य करते हुए बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र में समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के एसडीओ रोहताश, मार्किट कमेटी चेयरमैन महिन्द्र पंजोखरा, गांव मनकर माजरा की सरपंच आरती देवी, बुटानखेड़ी सरपंच जोगिन्द्र, सुभाष खेड़ा, सुदर्शन बजाज, अमित सिंहमार, बालक राम, ओम प्रकाश वाल्मिकी, विशाल पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।









