घरौंडा में सुनीं लोगों की समस्याएं
करनाल विजय काम्बोज । हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि बिहार के चुनाव परिणाम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन व मजबूत नेतृत्व से लोगों में सरकार के प्रति बने विश्वास का नतीजा हैं।
कल्याण आज घरौंडा के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ उनका नियमित मिलना रहता है। उनकी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को लेकर समय-समय पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उनका प्रयास रहता है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की समस्याओं का समाधान हो। बिहार चुनाव संबंधी एक सवाल पर कहा कि अभी तक प्राप्त जानकारी अनुसार बिहार में एनडीए को बहुमत प्राप्त होने जा रहा है। भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन व मजबूत नेतृत्व के प्रति लोगों का विश्वास बना है। राष्ट्रहित को लेकर जिस प्रकार प्रधानमंत्री देश को आगे बढ़ाने का काम रहे हैं, उससे लोगों का विश्वास बढ़ा है। बिहार के परिणाम उसी का नतीजा हैं।
संवैधानिक संस्थाओं पर गैर जिम्मेदाराना आरोप ठीक नहीं
वोट चोरी संबंधी एक अन्य प्रश्न पर कहा कि ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए जो अराजकता पैदा करती हो। संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास करना चाहिए। इन संस्थाओं पर बेबुनियादी आरोप लगाना उचित नहीं। सरकार की तरह विपक्ष की भी महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। विपक्ष सरकार को आईना दिखाने का काम करता है। उसकी भूमिका सकारात्मक होनी चाहिए।
मेडिकल यूनिवर्सिटी में सेवाओं का शुभारंभ अगले साल से
कल्याण ने कहा कि घरौंडा विस क्षेत्र में पिछले दस सालों में अनेक परियोजनाओं पर अमल किया गया है। मेडिकल यूनिवर्सिटी में अगले साल से लोगों को सेवाएं मिलनी आरंभ हो जाएंगी। रिंग रोड निर्माण कार्य छह महीने के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। एनसीसी अकादमी का काम भी पुन: आरंभ हो चुका है। स्कूल-कालेज, आईटीआई जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम हुआ है। नए अस्पतालों, सडक़ों का निर्माण कराया गया है। प्रयास है कि पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। शहर में बड़ी संख्या में कालोनियों को वैध घोषित कराकर उनमें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। पार्कों व बस अड्डे का निर्माण कराया गया है। पिछले सालों में विकास संबंधी जो भी मांगें आईं उन पर काम हुआ है। घरौंडा में मिनी बाईपास का फेज-एक पिछले प्लान में पूरा किया जा चुका है। रेलवे से जमीन लेकर 20 गांवों को जोडऩे वाली सडक़ का निर्माण कराया गया। भविष्य में भी होने वाले कामों को आगे बढ़ाया जाएगा। घरौंडा को तरक्की की नई ऊंचाइयों पर ले जाने से लिए पूरी गंभीरता से कार्य कराए जा रहे हैं।

घरौंडा में एसी बसों के ठहराव, एआईपीआरओ कार्यालय खोलने संबंधी सवाल पर कहा कि इस बारे में वे विभाग से जानकारी प्राप्त कर उचित कदम उठाएंगे। जिला मुख्यालय पर आधार कार्ड संबंधी त्रुटियों को ठीक करने के लिए रोजाना केवल 25 टोकन जारी करने संबंधी सवाल पर कहा कि वे इस बारे में उपायुक्त से बात करेंगे।
अफसरों को दिए समस्याओं के समाधान के निर्देश
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष ने तीन घंटे से अधिक समय तक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस परिसर में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए। घरौंडा की अनोखा कालोनी के लोगों ने गलियां पक्की कराने, मदनपुर के लोगों ने स्कूल का नया भवन बनवाने, रसुलपुर वासियों ने गलियां पक्की कराने व सामुदायिक केंद्र बनवाने की मांग की। इसी प्रकार कलवेहड़ी के लोगों ने पुंडरी तक की सडक़ का रुका हुआ कार्य फिर से शुरू करवाने, पुंडरी-कैमला मोड़ से पानीपत रोड तक नहरी विभाग की ड्रेन को पक्की कराने की मांग रखी। कोहंड के लोगों ने कैमला रोड पर गलियां पक्की कराने की गुहार लगाई। इसके अलावा ग्रामीणों ने ढाकवाला, मुस्तफाबाद व मंडौरा में नए स्टड लगवाने व पुरानों की मरम्मत कराने, गगसीना व स्टौंडी में सामुदायिक केंद्र बनवाने, गंजोगढ़ी में खेतों का रास्ता पक्का कराने के अलावा बिजली के नए ट्रांसफार्मर लगाने व टूटे खंभों को बदलवाने की मांग की।
इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, एसडीएम राजेश सोनी, डीएसपी मनोज कुमार, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, पीडब्ल्यूडी से एसडीओ दीपक, जेई ईशम संधू, मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाली, नगरपालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी आदि मौजूद रहे।









