विधानसभा अध्यक्ष ने 20 लाख रुपये की सीवर क्लीनिंग मशीन को हरी झंडी दिखाकर जनता को किया समर्पित
ढाई करोड़ की लागत से बनने वाले चिल्ड्रन पार्क व लाइब्रेरी के निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
करनाल। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने रविवार को घरौंडा में 3 करोड़ 36 लाख रुपये की तीन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने 20 लाख रुपये कीमत की सीवर क्लीनिंग मशीन को भी हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सीएचसी घरौंडा, पुरानी तहसील और वार्ड-17 में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भविष्य में घरौंडा हलके को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा। विकास कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस पर 70 लाख रुपए की लागत आएगी और निर्माण कार्य नगर पालिका द्वारा 9 महीने में पूरा कराया जाएगा। यूनिट शुरू होने के बाद यहां उप स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से आने वाले सभी नमूनों (सैंपल) की जांच हो सकेगी। इसके अलावा हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण भी होगा।
चिल्ड्रन पार्क व लाइब्रेरी के निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने घरौंडा के बीडीपीओ कार्यालय के नजदीक वार्ड-4 में चिल्ड्रन पार्क व लाइब्रेरी के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। करीब एक एकड़ में बनने वाले इस पार्क में पर ढाई करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसे एक साल में तैयार कर लिया जाएगा। उन्होंने वार्ड-17 की अशोका कॉलोनी में रघुवंश सैनी समाज सेवा समिति के अंतर्गत हाल के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। सरकार की ओर से इसके लिए 17 लाख रुपये की ग्रांट दी गई है।
चिल्ड्रन पार्क शहर के लिए बड़ी सौगात: हरविन्द्र कल्याण
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने चिल्ड्रन पार्क को शहर की एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि इसके लिए सबसे पहले सुभाष गुप्ता ने सुझाव दिया था। पार्क के लिए जमीन लेने में कुछ समय लग गया। तकनीकी दिक्कतों को दूर करते हुए विकास के प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने में कई बार वक्त लग जाता है। शहर के लिए यह पार्क बड़ी सौगात है। पार्क की मांग काफी पुरानी थी। उन्होंने बताया कि इस पार्क में ओपन जिम, योग के लिए बड़ा शैड, एक्टिविटी के लिए हाल और लाइब्रेरी बनाई जाएगी। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को पार्क में बुजुर्गों के लिए रैंप की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। पार्क का दुरूपयोग न हो, इसके लिए कुछ नियम भी तय करने के लिए कहा।
तेजी से होंगे विकास कार्य
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि पिछले दस सालों में हलके में काफी विकास हुआ है। इसके लिए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताया। साथ ही कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी विकास की योजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। घरौंडा में नये बस अड्डे का निर्माण, उपमंडल (नागरिक) की स्थापना, कोर्ट की शुरुआत, रेलवे की जमीन पर पार्क का निर्माण, 35 कालोनियों को नियमित कराना, रेलवे से जमीन लेकर अंडर पास रास्ते का निर्माण करना, आईटीआई व लड़कियों के लिए कॉलेज की स्थापना जैसे अनेक कार्य दस वर्षों में कराए गए हैं। कालोनियों में सीवर, पानी, गलियों का निर्माण व अन्य मूलभूत सुविधाओं संबंधी 80 प्रतिशत कार्य पूरे किए जा चुके हैं। आगे भी तेज गति से विकास कार्य होंगे।
घरौंडा हर दिशा में आगे बढ़ रहा- कल्याण
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण कहा कि आज घरौंडा हर दिशा में आगे बढ़ रहा है। छह महीने बाद रिंग रोड और मेडिकल यूनिवर्सिटी भी शुरू हो जाएगी। रैपिड रेल प्रोजेक्ट पूरा होने से यहां के युवाओं को दिल्ली तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। प्रोजेक्ट के तहत पानीपत और करनाल के बीच तीन स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके बाद हलके की तस्वीर ही बदल जाएगी। औद्योगिक इकाइयों के आने से युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त होंगे। विकास के मामले में जिस प्रकार नरेंद्र मोदी देश को नई बुलंदियों पर पहुंचा रहे हैं उसी तरह हरियाणा भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। वार्ड 15 की अशोका कालोनी में श्री कल्याण ने कहा कि व्यक्ति को समाज की भलाई के लिए यथासंभव कार्य करना चाहिए, समाज सेवा असली पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि दस साल पहले इस कॉलोनी की हालत बदतर थी। गंदे नाले को मिनी बाईपास का रूप देकर यहां की गलियों व रास्तों को ठीक कराया गया। श्री कल्याण ने कहा कि घरौंडा के विकास के लिए धन की कमी नहीं रहने दी जाएगी। लेकिन सरकारी ग्रांट के एक-एक पैसे का सदुपयोग होना चाहिए। राज्य सरकार जनता की भलाई व राष्ट्र को मजबूत करने के प्रति वचनबद्ध है।
इस मौके पर नगरपालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, सचिव रवि प्रकाश शर्मा, एमई संदीप राठी, एक्सईएन पब्लिक हैल्थ संजय शर्मा, एसडीओ रवींद्र सैनी, जेई अंकित छौक्कर, पार्ष अनुज गुप्ता, उप सिविल सर्जन डा. रवींद्र संधू, डा. मुनीष गोयल, डा. विनोद गोयल, वार्ड 17 के पार्षद संजीव पाल, रघुवंश सैनी समाज सेवा समिति के प्रधान कली राम आदि मौजूद रहे।