करनाल||उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां प्राप्त करने वाली महिलाओं के राज्य स्तरीय महिला पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर है। इच्छुक महिलाएं महिला एवं बाल विकास विभाग के स्थानीय कार्यालय में आवेदन जमा करा सकती हैं। पुरस्कार 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिए जाएंगे।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के लिए एक लाख 50 हजार रुपए व प्रशस्ति पत्र, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के लिए एक लाख रुपए व प्रशस्ति पत्र, बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए एक लाख रुपए व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए 51 हजार व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को विभिन्न आठ श्रेणियों में 21-21 हजार रुपए व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पहली श्रेणी में एएनएम, एमपीएचडब्ल्यू तथा नर्स शामिल हैं दूसरी में महिला खिलाड़ी, तीसरी में साक्षर महिला समूह सदस्य, चौथी में राजकीय कर्मचारी, पांचवीं में सामाजिक कार्यकर्ता, छठी में महिला उद्यमी, सातवीं में स्त्री शक्ति पुरस्कार तथा आठवीं श्रेणी में आंगनबाड़ी वर्कर्स शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि किसी भी विभाग की महिला कर्मचारी अपने विभागाध्यक्ष के माध्यम से भी आवेदन कर सकती हैं। इस संबंध में अन्य किसी जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस को महिला एवं बाल विकास कार्यालय में सम्पर्क कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए डब्लूसीडीएचआरवाई डॉट जीओवी डॉट इन वेबसाइट पर विजिट करें।









