नीलोखेड़ी/करनाल, 17 मार्च। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत नारी शक्ति महिला क्लस्टर फेडरेशन सोसाइटी की वार्षिक आम सभा का आयोजन मंगलवार को रविदास मंदिर में किया गया। आम सभा में हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन और स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा स्वागत गीत के साथ किया गया।
डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि महिला समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। प्रशासन हर कदम पर आपके स्वरोजगार और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। खंड कार्यक्रम प्रबन्धक सतीश कुमार ने हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की परियोजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष में समूहों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
आम सभा के दौरान सीएलएफ की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट साझा की गई और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। सीएलएफ के पदाधिकारियों ने वित्तीय समावेशन और रिवॉल्विंग फंड व कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट में फंड के सही उपयोग पर जोर दिया। महिलाओं ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि कैसे समूह से जुड़ कर उनके जीवन में सामाजिक और आर्थिक बदलाव आया है।
कार्यक्रम में खंड कार्यक्रम प्रबन्धक सतीश कुमार, डी.ई.ओ. अनु, जल जीवन मिशन से नेहा, जिला सलाहकार, कुलभूषण खण्ड संसाधन समन्वयक, आईएफसीएल घरौंडा व करनाल, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला कार्यालय से रेणु एवं तान्या तथा बैंक प्रबन्धक पीएनबी शामगढ़, नीलोखेड़ी एसबीआई अरजाहेड़ी व एसएचजीबी सन्धीर सहित क्षेत्र के सभी ग्राम संगठनों की पदाधिकारी, बैंक सखी, कृषि सखी और भारी संख्या में स्वयं सहायता समूह की सदस्य उपस्थित रहीं।









