आरती स्थल के निर्माण कार्य की रखी गई नींव, उत्सव दिनों के अतिरिक्त प्रतिदिन की जाएगी इस स्थान पर आरती
पिहोवा|| हरियाणा सरस्वती हैरीटेज बोर्ड के उप चेयरमैन धुमन सिंह किरमिच ने कहा कि सरस्वती के जीर्णोद्घार की नींव रखने से लेकर अब तक लगातार माँ सरस्वती की सेवा में हरियाणा सरकार द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उपमंडल पिहोवा के पवित्र सरस्वती तट पर माँ सरस्वती की आरती के लिए एक आरती स्थल तैयार किया जाएगा, जिसकी सोमवार को नींव रखी गई है।
हरियाणा सरस्वती हैरीटेज बोर्ड के उप चेयरमैन धुमन सिंह किरमिच ने कहा कि पिहोवा के पवित्र सरस्वती तट पर आरती स्थल का निर्माण किया जा रहा है, जो अंतर्राष्टï्रीय सरस्वती महोत्सव 2026 से पहले तैयार कर लिया जाएगा। सरस्वती तट पर निर्मित आरती स्थल पर महोत्सवों के अतिरिक्त प्रतिदिन आरती की जाएगी। वीआईपी लोगों सहित आमजन प्रत्येक दिन आरती में हिस्सा लेंगे और माँ सरस्वती की वंदना करेंगे। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी ने आदिबद्री में सरस्वती महोत्सव के दौरान घोषणा की थी कि आदिबद्री तथा पिहोवा के पवित्र स्थानों पर आरती स्थल का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी का उद्देश्य है कि माँ सरस्वती के पवित्र स्थानों की महिमा को और अधिक बढ़ाने के लिए सभी एकजुट होकर कार्य करें। लगभग 10 लाख रुपए की लागत से बनने वाले आरती स्थल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ब्रहमसरोवर पर सदरीयां बनी हुई हैं और उन पर ब्राहम्ण बैठ कर पूजा पाठ करते हैं, उसी प्रकार पिहोवा सरस्वती तट पर भी सदरियों का निर्माण किया जाएगा। सरस्वती तट पर बाहर से लोग पूजा पाठ करवाने आते हैं। इसलिए उन लोगों के लिए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं करने की जरुरत है।
भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र सिंह गोल्डी ने सरस्वती तीर्थ पर आरती स्थल के उदघाटन की आमजन को बधाई देते हुए कहा कि पिहोवा सरस्वती तट पर आरती स्थल का निर्माण एक बेहद प्रशंनीय कार्य है। यहां पर लोगों को आरती के लिए एक स्थान मिलेगा, जहां पर मेलों व महोत्सवों के अतिरिक्त आमजन प्रत्येक दिन आरती कर सकेंगे। इस मौके पर नगरपालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि ने कहा कि लम्बे समय से पिहोवा सरस्वती तट पर आरती स्थल बनाने के विषय को संज्ञान में लाया गया था। आज सरस्वती तट पर आरती स्थल के उदघाटन कार्यक्रम में शामिल होना बेहद भाग्यशाली है। कुरुक्षेत्र के ब्रहमसरोवर तट पर वीआईपी आरती स्थल की तरह पिहोवा में भी आरती स्थल का होना अपने आप में एक गौरव की बात है। इस मौके पर जिला परिषद चेयरमैन कंवलजीत कौर, सिंचाई विभाग सुप्रीडेंट इंजीनियर अरविंद कौशिक, सिंचाई विभाग एक्सिएन नवतेज सिंह सैनी, रामधारी शर्मा, हरविंद्र सिंह, राकेश पुरोहित, गोपाल शर्मा, भाजपा कार्यकर्ता सुखबीर सैनी सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।









