इन्द्री विजय काम्बोज || नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट (निफा) संस्था और माई भारत करनाल की जिला युवा अधिकारी सुरमयी शर्मा के निर्देशानुसार निफा इंद्री की महिला विंग अध्यक्ष, राज्य युवा अवार्डी नीरू देवी की अध्यक्षता में हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैली और एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम का आयोजन राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंद्री में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्राध्यापक सुरेश कुमार, पर मोहन कुमार, राजेश कुमार, सुरेन्द्र कुमार व सामाजिक कार्यकर्ता जगदीप कटारिया ने शिरकत की। प्राध्यापक सुरेश कुमार और पर मोहन कुमार ने तिरंगे की महिमा, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले वीरों के योगदान पर प्रकाश डाला। निफा इंद्री महिला विंग अध्यक्ष, राज्य युवा अवार्डी नीरू देवी ने कहा कि तिरंगा यात्रा अभियान का उद्देश्य देश भक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने के साथ-साथ विभिन्न समुदायों और क्षेत्र के नागरिकों में राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना पैदा करना है। उन्होंने बताया कि पेड़ जीवनदायी होते हैं, और एक मां की तरह वे अगली पीढ़ी को पोषण, सुरक्षा और भविष्य प्रदान करते है। आओ हम सब मिलकर यह प्रण लें कि हम न सिर्फ एक-एक पेड़ लगाएंगे बल्कि उसका पोषण भी करेंगे। उन्होंने बताया कि आज एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत 11 पौधे लगाए गए है आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।









