हिन्दुत्व पर झूठे आरोपों का पर्दाफाश, काँग्रेस को माँगनी चाहिए राष्ट्र से माफ़ी: अशोक शर्मा

3

करनाल  विजय  काम्बोज |। ब्राह्मण खाप के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा ने काँग्रेस सरकार द्वारा हिन्दुत्व के विरुद्ध रची गई कथित साजिशों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मालेगांव विस्फोट मामले में अदालत द्वारा आरोपियों को बरी किए जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि उस समय की काँग्रेस सरकार ने राजनीतिक लाभ के लिए हिन्दू धर्म और उससे जुड़े राष्ट्रवाद को बदनाम करने का प्रयास किया था।
अशोक शर्मा ने कहा काँग्रेस ने मालेगांव विस्फोट जैसे मामलों में हिन्दू धर्म को आतंकवाद से जोड़कर, ‘हिन्दू आतंकवाद’ जैसा शब्द प्रचारित किया जो आज पूर्णत: झूठा और आधारहीन सिद्ध हुआ है। हिन्दू कभी आतंकवादी हो ही नहीं सकता, क्योंकि हिन्दू धर्म का मूल स्वभाव राष्ट्रनिष्ठा, सहिष्णुता और सर्वहित में विश्वास करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल हिन्दू समाज नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र की अस्मिता पर एक राजनीतिक हमला था।
उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज ने सदैव राष्ट्र के लिए बलिदान दिया है, चाहे वह स्वतंत्रता संग्राम हो, सीमाओं की रक्षा या समाज में समरसता का भाव। अब जब सत्य सामने आ चुका है, काँग्रेस पार्टी को देश की जनता, विशेषकर हिन्दू समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। देशविरोधी मानसिकता और विभाजनकारी राजनीति को लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए।
ब्राह्मण खाप यह स्पष्ट करती है कि हिन्दू राष्ट्रवाद कभी भी विध्वंसक नहीं, बल्कि रचनात्मक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का आधार रहा है। आज समय आ गया है कि देशविरोधी नैरेटिव को पूरी तरह से ख़ारिज किया जाए और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा जाए।