कहा : नगर परिषद की बैठक में बाहरी पार्षद प्रतिनिधि की गुंडागर्दी के खिलाफ हो उचित कार्रवाई
करनाल विजय काम्बोज || कुरुक्षेत्र के थानेसर में नगर परिषद हाउस की बैठक में थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा के साथ पार्षद प्रतिनिधि द्वारा जान लेवा हमला तथा परिषद की बैठक में पार्षद प्रतिनिधि द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधि के साथ अभद्र व्यवहार से लोकतंत्र को नुकसान हुआ हैं। यह प्रतिक्रिया प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं किसान सेल के राष्ट्रीय संयोजक व हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के पूर्व सदस्य ललित बुटाना ने दी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में नगर परिषद हाउस की बैठक में थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा पर किया गया जानलेवा हमला देश के लोकतंत्र पर हमला है और लोकतंत्र के लिए खतरा है। वह इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते है। ललित बुटाना ने कहा कि हाउस की बैठक में पार्षदों के अलावा सत्ता पक्ष से संबंधित अनेक आउटसाइडर्स का बैठना उचित नहीं है। यह सब सीधे-सीधे जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हाउस की बैठक में पार्षद प्रतिनिधि का क्या काम है और वो भी गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अशोक अरोड़ा एक जिम्मेदार और संवैधानिक पद पर है। बैठक में एक विधायक पर इस तरह से हमला करना निंदनीय है। ललित बुटाना ने मांग करते हुए कहा कि सरकार को इस मामले में संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अशोक अरोड़ा विभिन्न संवैधानिक पदों पर रह चुके हैं। इसके अलावा वह हरियाणा में सीनियर विधायक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे नेताओं की गुंडा गर्दी सहन नहीं करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्यपाल से इस मामले उचित कार्रवाई की मांग की हैं।