छापेमारी में करीब 10 किलोग्राम एस.यू.पी. किया जब्त, कार्रवाई रहेगी जारी।
शहरवासी सिंगल यूज प्लास्टिक त्यागने का लें सकंल्प, पर्यावरण संरक्षण को दें बढ़ावा।
करनाल|| नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा के आदेश के चलते शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक की ब्रिकी व प्रयोग पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया गया है। इसे लेकर निगम की एन्फोर्समेंट टीम शहर में छापेमारी कर सिंगल यूज प्लास्टिक (एस.यू.पी.) के सामान को जब्त व चालान करने की कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-44 पर स्थित ढाबा व रेस्टॉरेंट पर प्रवर्तन दल ने छापेमारी कर सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले ढाबों व रेस्टॉरेंट संचालकों के चालान किए।
निगमायुक्त ने बताया कि कार्रवाई में 8 ढाबा व रेस्टॉरेंट के सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल के चालान किए गए और 24 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान करीब 10 किलोग्राम एस.यू.पी. से निर्मित व कटलेट सामग्री को टीम द्वारा जब्त भी किया गया।
इनके किया चालान- उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान मयूर ढाबा, शिराज रेस्टॉरेंट, सागर रतना, पिरामिडा बार एंड रेस्टॉरेंट तथा सी.एच.डी. सिटी के नजदीक इंगलिश वाईन शॉप पर चेकिंग के दौरान एस.यू.पी. आईटम मिलने पर इनके चालान किए गए।
इन पर नहीं मिला एस.यू.पी.- छापेमारी के दौरान झिलमिल के तीनो ढाबे, द विवान, हवेली व नीलकंठ ढाबा पर भी चेंकिंग की गई, परंतु इन द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करके पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं का प्रयोग किया जा रहा था। एन्फोर्समेंट टीम ने इनके संचालकों की सराहना की।
यह है सिंगल यूज प्लास्टिक के जुर्माने का प्रावधान- उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति हानिकारक प्लास्टिक और उससे निर्मित सामान की ब्रिकी व प्रयोग करेगा, उसका चालान कर जुर्माना राशि वसूल करने का प्रावधान रखा गया है। इसके तहत 100 ग्राम प्लास्टिक तक 500 रूपये जुर्माना, 101 ग्राम से 500 ग्राम तक 1500 रूपये, 501 ग्राम से 1 किलोग्राम तक 3 हजार रूपये, 1 किलोग्राम से अधिक और 5 किलोग्राम तक 10 हजार रूपये, 5 किलोग्राम से अधिक 10 किलोग्राम तक 20 हजार रूपये और 10 किलोग्राम से ज्यादा प्लास्टिक पाए जाने पर 25 हजार रूपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
कम्पोस्टेबल कैरीबैग शहर में मौजूद- उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग और ब्रिकी के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए शहर के बाजारों में सूचना, शिक्षा और संचार (आई.ई.सी.) की गतिविधियां लगातार चलाई जा रही हैं। होटल, ढाबा, रेस्टॉरेंट, दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ी वालों को विकल्प के तौर पर कम्पोस्टेबल कटलरी आईटम तथा कैरीबैग को इस्तेमाल में लाने की जानकारी काफी भी दी जा चुकी है।
निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील कर कहा है कि सभी नागरिक सिंगल यूज प्लास्टिक त्यागने का संकल्प लें और अपनी धरती व वातावरण को स्वच्छ बनाएं। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक कैरीबैग का बेहतर विकल्प कपड़े या जूट के थैले हैं, बाजार से सामान लाने के लिए कपड़े के थैले घर से लेकर जाएं, दुकानदारों से पॉलीथिन कैरीबैग की मांग न करें। उन्होंने कहा कि नागरिक, शहर को स्वच्छ बनाने व पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी फैलाने व अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध चालान करने की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान एन्फोर्समेंट टीम से सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह, संदीप कुमार व ऊषा रानी, सहायक सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार व गुलाब सिंह, ट्रीगर मास्टर गुरदेव सिंह तथा नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन शहरी टीम मौजूद रही।









