इन्द्री विजय कांबोज।। आयुष विभाग करनाल के द्वारा हर घर परिवार सूर्य नमस्कार अभियान के तहत आज योग सहायक मुकेश शर्मा ने इंद्री हलके के गांव मुरादगढ़ में विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया और इसके फायदे के बारे में विस्तार से विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग के द्वारा हर घर परिवार सूर्य नमस्कार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा योग के प्रति जागरूक किया जा सके। सूर्य नमस्कार अपने आप में संपूर्ण व्यायाम है क्योंकि सूर्य नमस्कार में 12 आसनों को किया जाता है जिससे हमारे पूरे शरीर का व्यायाम हो जाता है।सूर्य नमस्कार के नियमित अभ्यास से लो ब्ल्ड प्रेशर, सर्कुलेशन को सुधारना और हृदय रोग के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।सूर्य नमस्कार के अभ्यास के लिए ध्यान और एकाग्रता की आवश्यकता होती है, जो एकाग्रता और याददाश्त में सुधार करने में मदद करता है।
सूर्य नमस्कार मन व शरीर दोनों को तंदुरुस्त रखता है। यदि आपके पास समय की कमी है, और आप शरीर को स्वस्थ रखने के लिए कोई कम समय में करने वाला अभ्यास देख रहे हैं तो सूर्य नमस्कार उसका सबसे अच्छा विकल्प है। सूर्य नमस्कार प्रातः तथा शाम को खाली पेट करना उचित होता है। इस अवसर पर स्कूल प्राचार्य वीना गुप्ता , रणवीर,राजेश सैनी, जयकुमार सैनी ,धर्मपाल ,ऋषिपाल शास्त्री आदि उपस्थित रहे।