शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय मटक माजरी में क्षेत्रीय युवा महोत्सव 13-15 अक्टूबर 2025 की तैयारियाँ जोरों पर

143

इंद्री विजय कांबोज।। शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी, करनाल में 13 से 15 अक्टूबर 2025 को आयोजित होने वाले क्षेत्रीय युवा महोत्सव की तैयारियाँ पूरे उत्साह और जोश के साथ चल रही हैं। इस भव्य आयोजन का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी के मूल्यवान मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री कृष्ण लाल पंवार, हरियाणा सरकार में पंचायती राज एवं विकास तथा खनन एवं भूविज्ञान विभाग के कैबिनेट मंत्री, तथा हरियाणा विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य, उत्सव का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ श्री राम कुमार कश्यप, माननीय विधायक, इंद्री (करनाल) भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। तीन दिवसीय इस युवा महोत्सव में करनाल ज़ोन के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य, संगीत, नाटक, फाइन आर्ट्स, साहित्यिक गतिविधियों और अन्य प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महाविद्यालय परिसर में मंचों, प्रदर्शनी स्थलों, पेयजल व्यवस्था, आतिथ्य एवं जनसंपर्क व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी समितियाँ अपने-अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन पूरे समर्पण और सहयोग से कर रही हैं। महाविद्यालय की संयोजक डॉ. मीरा कश्यप के निर्देशन में विद्यार्थी स्वयंसेवक भी तैयारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। महाविद्यालय परिसर उत्सवमय वातावरण से भर उठा है और सभी के मन में इस आयोजन को सफल बनाने का उत्साह चरम पर है। सभी शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक सदस्य इस कार्यक्रम को सफल बनाने में निष्ठा से अपने निर्धारित कार्य कर रहे है और अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे है। महाविद्यालय के एन. एन. सी. कैडेट्स, राष्ट्रीय स्वयं सेवक एवं सभी विद्यार्थी भी तैयारियों में पूरे जोश के साथ जुटे हुए है। यह ज़ोनल युवा उत्सव न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता का मंच बनेगा, बल्कि युवा शक्ति में नव ऊर्जा और सकारात्मक दृष्टिकोण का संचार भी करेगा।