आज युवाओं के पास स्थाई रोजगार नहीं, खाद के लिए किसान परेशान – दिग्विजय
इन्द्री विजय कांबोज।। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने युवा जोड़ो अभियान के तहत करनाल जिले के हल्का इंद्री के टापू व गढ़ी गुजरान गांवों का दौरा किया। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि आज गरीब, किसान, कमेरा वर्ग भाजपा सरकार की खराब नीतियों के कारण बेहद दुखी है और सभी संगठित होकर भाजपा से लड़ाई लड़ना चाहते है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सामने विकल्प के तौर पर कांग्रेस को जनता नकार चुकी है इसलिए आने वाला समय जेजेपी का ही है। सोमवार को दिग्विजय चौटाला हल्का इंद्री में जेजेपी के युवा जोड़ो अभियान के तहत युवाओं को संबोधित कर रहे थे। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश के हालात बेहद खराब हो चुके है और हरियाणा ऐसे बुरे दौर से कभी नहीं गुजरा।
जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि किसानों को ना तो समय पर डीएपी मिली और ना ही यूरिया मिल रही। उन्होंने कहा कि खाद के लिए किसान लंबी लाइनों में लगने और पुलिस के लाठी-डंडे खाने को मजबूर है। दिग्विजय ने यह भी कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाल के सरकार में रहते हुए किसानों को किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा था।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि युवाओं को स्थाई नौकरी देने में भाजपा सरकार नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि एचकेआरएन के तहत भी केवल एक साल के लिए नौकरी मिलती है और इसमें भी भाजपा सरकार एचकेआरएन कर्मचारियों को निरंतर हटाने में लगी हुई है। साथ ही दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आज बढ़ते अपराध के कारण प्रदेशवासी असुरक्षित माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर रोज लूट, मर्डर की बड़ी-बड़ी घटनाएं हो रही है। दिग्विजय ने कहा कि आज हरियाणा कमजोर लोगों के हाथों में है और ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूर्व सीएम मनोहर लाल के रिमोट कंट्रोल से चल रहे है। विभिन्न कार्यक्रमों में पहुंचने पर दिग्विजय चौटाला का ग्रामीणों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान अनेक युवाओं ने जेजेपी ज्वाइन करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।इस अवसर पर जननायक जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा , जिला अध्यक्ष गुरदेव रंबा, हल्का अध्यक्ष भीम मंढान, मेहम सिंह , सतीश चहल, अमित नैन,केदार नाथ, नरेंद्र माजरा, बलिंदर टापू, सतीश टापू, सुरेंद्र कलसोरा, रणदीप कुंजपुरा आदि मौजूद रहे ।