भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह हरियाणा के लिए बहुत गर्व की बात है कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हरियाणा को तृतीय पुरुस्कार मिला है

करनाल 31 अक्तूबर।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह हरियाणा के लिए बहुत गर्व की बात है कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हरियाणा को तृतीय पुरुस्कार मिला है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2 नवम्बर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अंत्योदय महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनहित की अनेक योजनाएं चलाई, जिनकी विस्तृत जानकारी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी 2 नवम्बर को जनता को देंगे और आमजन को योजनाओं का लाभ लेने के प्रति जागरूक करेंगे। इस मौके पर हरियाणा का भाजपा नेतृत्व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का करनाल पहुंचने पर जोरदार स्वागत करेगा। प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार को कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे।
नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा के जिला कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, अध्यक्ष योगेंद्र राणा सहित सभी मोर्चों के पदाधिकारी, प्रशासन की ओर से डीसी अनीश यादव, एसपी शशांक कुमार सावन, एडीसी डॉ. वैशाली शर्मा, निगम आयुक्त अभिषेक मीणा, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी सहित जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने इस मौके पर सभी जिला कार्यकारिणी सदस्यों की ड्यूटी लगाते हुए कहा कि कार्यक्रम के लिए सभी प्रबंधों पर नजर बनाए रखें। कार्यकर्ता अपनी सेक्टर वाइज ड्यूटी लगाएं। अंत्योदय महा सम्मेलन में आने वाले सभी लाभार्थियों को बेहतर व्यवस्था प्रदान करने में प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित कार्यक्रम में आने वाले अन्य विशिष्ट अतिथियों के स्वागत संबंधित सभी इंतजाम समय से पहले पूरा करें। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी इंतजामों को लेकर समीक्षा की ओर कार्यक्रम के सफल आयोजन संबंधी दिशा निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत जानकारी ली।
इस मौके पर जिला महामंत्री राजबीर शर्मा, सुनील गोयल, जिला मीडिया प्रभारी डॉ. अशोक सहित विभिन्न मोर्चो के पदाधिकारी, पार्षद व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ देकर नए दायित्व के लिए बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!